पीएम मोदी ने राहुल गांधी पर साधा निशाना- दिल्ली में कुछ लोग मुझे लोकतंत्र का पाठ पढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने राहुल गांधी के 'भारत में अब लोकतंत्र नहीं रह गया है' वाले हालिया बयान पर कहा है कि दिल्ली में बैठे कुछ लोग मुझे लोकतंत्र का पाठ पढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। आपको बता दें राहुल गांधी ने ये भी कहा था कि पीएम के खिलाफ जो भी लोग खड़े होंगे, उन्हें आतंकी बता दिया जाएगा, चाहे फिर वो संघ प्रमुख मोहन भागवत ही क्यों ना हों। प्रधानमंत्री ने अब राहुल गांधी पर जवाबी निशाना साधा है।
Recommended Video

पीएम मोदी ने कहा है, 'दिल्ली में ऐसे लोग हैं जो हमेशा मुझे ताना मारते हैं और मेरा अपमान करते हैं। वो मुझे लोकतंत्र पर पाठ पढ़ाना चाहते हैं। मैं उन्हें दिखाना चाहता हूं कि जम्मू कश्मीर में हुए डीडीसी के चुनाव लोकतंत्र का ही उदाहरण हैं।'
उन्होंने कहा, 'पुडुचेरी में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद पंचायत और नगरपालिका चुनाव नहीं हो रहे, आप हैरान होंगे कि वहां की सरकार इस मामले को लगातार टाल रही है। पुडुचेरी में दशकों के इंतजार के बाद 2006 में लोकल बॉडी पोल हुए थे। कुछ राजनीतिक दल ऐसे हैं, जिनकी कथनी और करनी में बड़ा फर्क है, वो लोकतंत्र के प्रति कितना गंभीर हैं, इसी बात से पता चलता है। कितने साल हो गए पुडुचेरी में पंचायत चुनाव नहीं होने दिए जा रहे हैं। जो लोग मुझे लोकतंत्र का पाठ पढ़ाते रहते हैं, वे वही हैं जो वहां अपनी सरकार चला रहे हैं।'
प्रधानमंत्री ने जम्मू-कश्मीर में 'आयुष्मान भारत-सेहत योजना' की शुरुआत करते हुए हाल में हुए स्थानीय चुनावों का जिक्र किया। उन्होंने कहा, 'मैं जम्मू कश्मीर के लोगों को लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए बधाई देता हूं। मैंने देखा कि कैसे जिला विकास परिषद (डीडीसी) चुनाव में युवा से लेकर बुजुर्ग तक मतदान केंद्र आए। जम्मू कश्मीर के लोगों ने डीडीसी चुनाव में लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत किया है।' जानकारी के लिए बता दें डीडीसी चुनाव जम्मू कश्मीर के 20 जिलों में हुआ है। जिसमें फारुख अब्दुल्ला के नेतृत्व वाले गुपकर गंठबंधन और कांग्रेस ने 13 जिलों में जीत दर्ज की है और भाजपा ने जम्मू के 6 जिलों में जीत दर्ज की है। कश्मीर में पहली बार जीतने पर भाजपा ने कहा कि घाटी में कमल खिला है।
Farmers protest: किसानों ने यूपी गेट पर लगाया जाम, NH-9 और NH-24 बंद












Click it and Unblock the Notifications