मोदी ने आपको राफेल घोटाला दिया, हम मिनिमम इनकम देंगे: राहुल गांधी
भुवनेश्वर। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को ओडिशा में एक जनरैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नवीन पटनायक पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कथित रूप से पीएम मोदी और सीएम पटनायक पर गरीबों की जमीनों को उद्योगपतियों के हाथों थमाने का आरोप लगाया है। ओडिशा के कालाहांडी में अपने संबोधन में राहुल ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री पटनायक पीएम मोदी के 'रिमोट कंट्रोल' है।

केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा, 'मोदी ने आपको राफेल (घोटाला) दिया है, लेकिन हम आपको मिनिमम गारंटीड इनकम देंगे' राहुल गांधी ने कहा कि दुनिया की कोई भी ताकत हमें गरीब लोगों को मिनिमम इनकम सपोर्ट करने से नहीं रोक सकती है। मोदी पर तंज कसते हुए राहुल ने कहा कि यह कोई 15 लाख या 2 करोड़ जैसा जुमला नहीं है।
प्रधानमंत्री को एक बार फिर 'चौकिदार चोर' है कहते हुए राहुल गांधी ने कहा सीएम पटनायक का काम पीएम के हाथों में हैं, जो भी मोदी कहते हैं, वे उनसे सहमत हो जाते हैं। अपने भाषण में बजट का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि मोदी सरकार ने एक किसान को दिन का 3.5 रुपये देने की बात कही है और 17 रुपये किसान के एक परिवार को मिलेंगे।
राहुल ने आरोप लगाया कि मोदी ने अपने 15-20 उद्योगपती दोस्तों के 3.5 लाख करोड़ रुपये का कर्जा माफ कर किसानों को सिर्फ 3.5 रुपये दे रही है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उनकी सरकार पिछले 5-6 महीने से मिनिमम इनकम स्कीम पर काम कर रही है और अगर उनकी सरकार सत्ता में आती है, तो देश के गरीब को इस स्कीम का फायदा होगा। राहुल ने साथ ही एनडीए पर यूपीए की स्कीमों को खत्म करने का आरोप लगाया।
नवीन पटनायक की बीजू जनता दल सरकार को निशाने पर लेते हुए गांधी ने कहा, 'बीजद सरकार 18 साल से ओडिशा में है ... लेकिन राज्य के आदिवासी युवाओं को यहां नौकरी नहीं मिलती है... ओडिशा आपको नौकरी नहीं देता है... यहां आपकी जमीनों को छीन लिया गया है, आपका जंगल छीन लिया गया है, लेकिन अगर आप नौकरी चाहते हैं, तो आपको आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और दिल्ली जैसी अन्य जगहों पर जाना होता है।'












Click it and Unblock the Notifications