Vande Bharat Express 2025: देश को मिलेंगी 4 नई वंदे भारत ट्रेनें! PM Modi दिखाएंगे हरी झंडी, डिटेल्स यहां
Vande Bharat Express 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 नवंबर (शनिवार) को चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस (Vande Bharat Express) ट्रेनों को हरी झंडी दिखाने जा रहे हैं। इन नई ट्रेनों के शुरू होने के बाद देश में वंदे भारत ट्रेनों की कुल संख्या बढ़कर 164 हो जाएगी।
चेन्नई स्थित इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF) द्वारा विकसित ये सेमी-हाई स्पीड ट्रेनें यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक सफर का नया अनुभव देने जा रही हैं। इन ट्रेनों की शुरुआत से देश के कई प्रमुख शहरों के बीच यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी।

साथ ही, क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की पूरी सूची
- वाराणसी-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस
- लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस
- फिरोजपुर-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस
- एर्नाकुलम-बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस
- वाराणसी-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस
यह ट्रेन वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट और खजुराहो जैसे धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों को सीधे जोड़ेगी। मौजूदा स्पेशल ट्रेनों की तुलना में यह करीब 2 घंटे 40 मिनट का समय बचाएगी। इस ट्रेन से न सिर्फ धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि यात्रियों को यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल खजुराहो तक एक तेज़ और आधुनिक यात्रा विकल्प मिलेगा।
लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस
यह ट्रेन करीब 7 घंटे 45 मिनट में यात्रा पूरी करेगी, जिससे लगभग 1 घंटे का समय बचेगा। यह लखनऊ, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, बिजनौर और सहारनपुर के यात्रियों को बड़ा लाभ देगी। साथ ही हरिद्वार और रुड़की तक पहुंचना भी आसान होगा। इससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कनेक्टिविटी और क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलेगी।
फिरोजपुर-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस
यह ट्रेन दिल्ली और पंजाब के प्रमुख शहरों जैसे फिरोजपुर, बठिंडा और पटियाला के बीच की दूरी को सिर्फ 6 घंटे 40 मिनट में पूरा करेगी। यह अब तक इस रूट की सबसे तेज़ ट्रेन होगी। इस ट्रेन से व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, जिससे सीमा क्षेत्रों का सामाजिक-आर्थिक विकास भी तेज़ होगा।
एर्नाकुलम-बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस
दक्षिण भारत के आईटी और व्यापारिक केंद्रों को जोड़ने वाली यह ट्रेन यात्रा समय को 2 घंटे से अधिक घटाकर लगभग 8 घंटे 40 मिनट में पूरा करेगी। इससे केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के बीच आर्थिक और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। यह ट्रेन पेशेवरों, छात्रों और पर्यटकों के लिए बेहद सुविधाजनक साबित होगी।
प्रधानमंत्री मोदी द्वारा शुरू की जा रही ये चारों वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें "नए भारत की तेज रफ्तार यात्रा" का प्रतीक मानी जा रही हैं। रेलवे मंत्रालय का दावा है कि आने वाले महीनों में और भी नई रूट्स पर वंदे भारत ट्रेनें शुरू की जाएंगी, जिससे देशभर में कनेक्टिविटी और यात्री सुविधा को और मजबूत किया जा सकेगा।












Click it and Unblock the Notifications