द्रौपदी मुर्मू के घर पहुंचे पीएम मोदी, राष्ट्रपति चुने जाने की दी बधाई
नई दिल्ली, 21 जुलाई: राष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा उनसे मुलाकात करने पहुंचे। पीएम मोदी ने मुर्मू के आवास पर पहुंचे उन्हें जीत की बधाई दी। सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, संसदीय कार्यमंत्री प्रल्हाद जोशी, राज्यसभा में सदन के नेता पीयूष गोयल भी जीत की बधाई देने मुर्मू से मिलने जाएंगे।

पीएम मोदी ने अपने बधाई संदेश में कहा कि भारत ने इतिहास रचा है। ऐसे समय में जब 1.3 अरब भारतीय आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं।पूर्वी भारत के एक दूरदराज के हिस्से में पैदा हुए आदिवासी समुदाय से आने वाली भारत की बेटी हमारी राष्ट्रपति चुनी गयी हैं। श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को इस उपलब्धि पर बधाई । द्रौपदी मुर्मू जी का जीवन, उनके शुरुआती संघर्ष, उनकी समृद्ध सेवा और उनकी अनुकरणीय सफलता प्रत्येक भारतीय को प्रेरित करती है। वह हमारे नागरिकों, विशेष रूप से गरीबों, हाशिए पर और दलितों के लिए आशा की किरण के रूप में उभरी हैं।
पीएम मोदी ने अपने बधाई संदेश में कहा कि, द्रौपदी मुर्मू जी एक उत्कृष्ट विधायक और मंत्री रही हैं। झारखंड के राज्यपाल के रूप में उनका कार्यकाल शानदार रहा। मुझे विश्वास है कि वह एक उत्कृष्ट राष्ट्रपति होंगी जो आगे बढ़कर नेतृत्व करेंगी और भारत की विकास यात्रा को मजबूत करेंगी। मैं पार्टी लाइन के उन सभी सांसदों और विधायकों को धन्यवाद देना चाहता हूं जिन्होंने द्रौपदी मुर्मू जी की उम्मीदवारी का समर्थन किया । उनकी रिकॉर्ड जीत हमारे लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत है।
राष्ट्रपति चुनाव में मुर्मू का मुकाबला विपक्ष के संयुक्त उम्मीदवार यशवंत सिन्हा से था। मतगणना के शुरुआती दौर में मुर्मू ने बढ़त बना ली थी। पहले राउंड की गिनती में द्रौपदी मुर्मू को 748 में से 540 वोट मिले थे। इसके अलावा यशवंत सिन्हा को 208 मत हासिल हुए थे। कुल 748 मत पहले राउंड में वैध पाए गए थे, जिनका मूल्य 5 लाख 23 हजार 600 है। इनमें से 540 वोट द्रौपदी मुर्मू को हासिल हुए थे, जिनका मूल्य 3,78,000 है। वहीं यशवंत सिन्हा पहले ही राउंड में बड़े अंतर से पिछड़ गए थे। उन्हें कुल 208 वोट ही मिले थे, जिनका मूल्य 1,45,600 ही आंका गया।
दूसरे राउंड की मतगणना तक कुल 1886 वैध मतों की गिनती की गई, जिनमें से 1349 वोट द्रौपदी मुर्मू को हासिल हुए। इसके अलावा यशवंत सिन्हा को मिलने वाले वोटों की संख्या 537 रही। दूसरे चरण की मतगणना तक द्रौपदी मुर्मू के वोटों का मूल्य 4,83,299 था, जबकि यशवंत सिन्हा को मिले वोटों का मूल्य 1,89,876 ही रह गया। तीसरे दौर की मतगणना कर्नाटक, केरल, एमपी, महाराष्ट्र, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, ओडिशा और पंजाब राज्यों में हुई। इस दौर में कुल वैध मत 1,333 हैं। वैध मतों का कुल मूल्य 1,65,664 है। जिसमें द्रौपदी मुर्मू को 812 वोट मिले। जबकि यशवंत सिन्हा को 521 वोट मिले। मुर्मू के पक्ष में 577777 वोट पड़े। जबकि यशवंत सिन्हा के पक्ष में 261062 वोट मिले।












Click it and Unblock the Notifications