G20 की बैठक में कोरोना के दुष्परिणामों पर बोले PM मोदी, भारतीय उपभोक्ता और निर्माताओं को बताया आशावादी
पीएम मोदी ने G-20 वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक के गवर्नरों की बैठक में कहा कि, आप ऐसे समय में वैश्विक वित्त और अर्थव्यवस्था के नेतृत्व का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, जब दुनिया गंभीर आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रही है।

Delhi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज G-20 वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक के गवर्नरों की बैठक में कहा कि, आप ऐसे समय में वैश्विक वित्त और अर्थव्यवस्था के नेतृत्व का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, जब दुनिया गंभीर आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रही है। कोविड ने वैश्विक अर्थव्यवस्था को सदी में एक बार लगने वाला झटका दिया था। उन्होंने कहा कि, कई देश विशेष रूप से विकासशील अर्थव्यवस्थाएं अभी भी इसके दुष्परिणामों का सामना कर रही हैं। हम दुनिया के विभिन्न हिस्सों में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव को भी देख रहे हैं।
भारतीय उपभोक्ता और निर्माता भविष्य को लेकर आशावादी और आश्वस्त- पीएम मोदी
दरअसल, बेंगलुरु में जी-20 वित्त मंत्रियों और केन्द्रीय बैंक गवर्नर्स की पहली बैठक आज से शुरू हो चुकी है। इस बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि, पिछले कुछ वर्षों में हमने अत्यधिक सुरक्षित, विश्वसनीय और कुशल सार्वजनिक डिजिटल संरचना तैयार की है। हमारे डिजिटल भुगतान पारिस्थितिकी तंत्र ने शासन, वित्तीय समावेशन और जीवन को सुगम बनाने में आमूल परिवर्तन किया है। भारतीय उपभोक्ता और निर्माता भविष्य को लेकर आशावादी और आश्वस्त हैं। हम आशा करते हैं कि आप वैसी ही सकारात्मक भावना को वैश्विक अर्थव्यवस्था में प्रसारित करने में सक्षम होंगे।
वित्त की दुनिया में प्रौद्योगिकी तेजी से हावी हो रही है- पीएम मोदी
वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक के गवर्नरों की बैठक को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, 'वित्त की दुनिया में प्रौद्योगिकी तेजी से हावी हो रही है। महामारी के दौरान डिजिटल भुगतान ने संपर्क रहित और निर्बाध लेनदेन को सक्षम बनाया। हालांकि डिजिटल वित्त में हाल के कुछ नवाचारों में अस्थिरता और दुरुपयोग का जोखिम भी है। उन्होंने कहा कि, हमारे G20 अध्यक्षता के दौरान हमने एक नया फिनटेक प्लेटफॉर्म बनाया है, जो हमारे वैश्विक G20 मेहमानों को भारत के पथ-प्रदर्शक डिजिटल भुगतान प्लेटफॉर्म UPI का उपयोग करने की अनुमति देता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि, जैसा कि आप भारत की तकनीकी राजधानी बेंगलुरु में मिल रहे हैं, आपको प्रत्यक्ष अनुभव होगा कि कैसे भारतीय उपभोक्ताओं ने डिजिटल भुगतान को अपनाया है।
बैठक में इन मुद्दों पर होगी चर्चा
दरअसल, जी20 की भारतीय अध्यक्षता के तहत जी20 के वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंकों के गवर्नरों की दो दिन की बैठक का आज पहला दिन है। यह बैठक बेंगलुरु में आयोजित की जा रही है। इस बैठक में जी-20 सदस्यों देशों के प्रतिनिधियों और अंतराष्ट्रीय संगठनों के लगभग 500 प्रतिनिधि भाग शामिल हो रहे हैं। पीएम मोदी के संबोधन के साथ आज से बैठक का आगाज हो चुका है। बैठके के पहले सत्र में अंतराष्ट्रीय वित्तीय स्वरूप, सतत वित्त और बुनियादी ढांचे पर चर्चा की जायेगी। दोपहर बाद वित्तीय क्षेत्र और वित्तीय समावेश पर दूसरा सत्र होगा।












Click it and Unblock the Notifications