'भगवान कृष्ण को भी भ्रष्टाचारी घोषित कर देता...' पीएम मोदी के निशाने पर आया सुप्रीम कोर्ट
PM Modi News: उत्तर प्रदेश के संभल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कल्कि धाम के शिलान्यास समारोह के दौरान पूजा की। इस दौरान यूपी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और श्री कल्कि धाम निर्माण ट्रस्ट के अध्यक्ष आचार्य प्रमोद कृष्णम भी मौजूद रहे।
इस दौरान शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश की धरती से भक्ति और अध्यात्म की एक और धारा प्रवाहित होने को लालायित है। आज एक और पवित्र धाम की नींव रखी जा रही है। मुझे भव्य कल्कि धाम के शिलान्यास को सौभाग्य मिला।

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने सुप्रीम कोर्ट को लेकर कुछ ऐसा कहा, जिसकी वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "उन्होंने (आचार्य प्रमोद कृष्णम) कहा कि हर किसी के पास देने के लिए कुछ न कुछ होता है लेकिन मेरे पास कुछ नहीं है, मैं सिर्फ अपनी भावना व्यक्त कर सकता हूं।"
'सुप्रीम कोर्ट में PIL दाखिल हो जाती और...'
पीएम मोदी ने आगे कहा कि अच्छा हुआ कुछ दिया नहीं, जमाना ऐसा बदल चुका है कि आज के युग में अगर सुदामा श्री कृष्ण को एक पोटली चावल देते और वीडियो सामने आता तो सुप्रीम कोर्ट में PIL दाखिल हो जाती और फैसला आता कि भगवान कृष्ण को भ्रष्टाचार में कुछ दिया गया था और भगवान कृष्ण भ्रष्टाचार कर रहे थे।"
प्रमोद कृष्णम के बारे में क्या कहा?
वहीं कांग्रेस से निकाले गए आचार्य प्रमोद कृष्णम को लेकर मंच से पीएम मोदी ने कहा कि मैं प्रमोद कृष्णम को एक राजनैतिक व्यक्ति के रूप में दूर से जानता था, लेकिन जब कुछ दिन पहले उनसे मुलाकात हुई तो पता चला कि वे ऐसे धार्मिक-अध्यात्मिक कार्यों में कितनी मेहनत से लगे रहते हैं। कल्कि मंदिर के लिए इन्हें पहले की सरकारों के समय लंबी लड़ाई लड़नी पड़ी, कोर्ट के चक्कर भी लगाने पड़े। आज हमारी सरकार में वे निश्चिंत होकर इस काम को शुरू कर पाए हैं।
'यही समय है, सही समय है'
पीएम मोदी ने आगे कहा कि आज एक ओर हमारे तीर्थों का विकास हो रहा है तो दूसरी ओर शहरों में हाई टेक इंफ्रास्ट्रक्चर भी तैयार हो रहा है। आज अगर मंदिर बन रहे हैं तो देश भर में नए मेडिकल कॉलेज भी बन रहे हैं। यह परिवर्तन इस बात का प्रमाण है कि समय का चक्र घूम चुका है, एक नया दौर आज हमारे दरवाजे पर दस्तक दे रहा है। इसलिए मैंने लाल किले से कहा था 'यही समय है, सही समय है।












Click it and Unblock the Notifications