'बलात्कार से मिलता है तीर्थ का फल', कौन है कांग्रेस विधायक बरैया? जिसने की आपत्तिजनक बातें, Video वायरल
Who is Congress MLA Phool Singh Baraiya: मध्य प्रदेश के कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया ने दलित, आदिवासी और ओबीसी समुदाय की महिलाओं पर ऐसी आपत्तिजक टिप्पणी की है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। मध्य प्रदेश की भांडेर सीट से विधायक बरैया जो कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के करीबी नेताओं में गिने जाते हैं, उनकी जमकर आलोचना हो रही है।
फूल सिंह बरैया ने अपने हालिया इंटरव्यू में कहा कि महिलाएं खूबसूरत होती हैं, इसी कारण बलात्कार का शिकार होती है। इसके साथ ही उन्होंने व्याख्या की कि, विशेषकर वंचित वर्गों - दलित, आदिवासी और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की स्त्रियां खूबरसूरत नहीं होतीं, लेकिन उनके साथ बलात्कार क्यों होता है?

भाजपा के निशाने पर आई कांग्रेस
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने इस आपत्तिजनक बयान पर कहा, 'बरैया विधायक और सम्मानित पद पर हैं, राहुल-प्रियंका के करीबी हैं। दिग्विजय सिंह भी मौजूद थे, पर किसी ने उन्हें नहीं रोका।' पात्रा ने आरोप लगाया कि यह बयान सनातन धर्म, मानवता और बाबासाहेब अंबेडकर का अपमान है। उन्होंने प्रियंका गांधी से प्रतिक्रिया की उम्मीद जताई, पर राहुल गांधी से कोई आस नहीं रखी।
कांग्रेस विधायक बरैया ने क्या कहा?
दरअसल, मध्यप्रदेश के विधायक बरैया ने ये सारी बातें इंटरव्यू कही हैं। उन्होंने कहा, "मेरा कहने का मतलब है, बलात्कार का सिद्धांत यह है कि आदमी रास्ते में जा रहा है और उसे अगर खूबसूरत लड़की दिखाई दी, सुंदर, अति सुंदर तो उसका दिमाग विचलित हो सकता है। तो बलात्कार हो सकता है लेकिन जो स्त्रियां सुंदर नहीं होतीं, उनके साथ बलात्कार सिर्फ इसलिए किया जाता है ताकि 'तीर्थ जाने का फल' प्राप्त हो सके।
'बलात्कार से मिलता है तीर्थ का फल'
इंटरव्यू में बरैया ने ये भी कहा कि भारत में सबसे अधिक बलात्कार अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की महिलाओं के साथ होते हैं। उन्होंने इसका कारण "धर्म ग्रंथों" में दिए गए निर्देशों को बताया। हालांकि ये किस धर्म ग्रंथ में लिखा गया है, इस प्रश्न का जवाब बरैया ने नहीं दिया।
बरैया ने कहा 'जो तीर्थ नहीं जात पाता तो...'
बरैया ने सीधा उत्तर देने के बजाय संस्कृत में एक श्लोक सुनाया और समझाया कि "धर्म ग्रंथों" में किसी विशेष जाति की महिला से संबंध बनाने पर "इस तीर्थ का फल" मिलेगा। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा, "अब जो तीर्थ नहीं जा पाता तो घर में बैठे विकल्प क्या दिया गया? घर बैठे इनकी औरतों को पकड़कर संबंध बनाओ तो ये फल मिल जाएगा?"
बरैया बोले- 'महिला की सहमति के बिना उसके साथ...'
बरैया ने इंटरव्यू में आगे यह दावा किया कि किसी महिला की सहमति के बिना उसके साथ शारीरिक संबंध बन ही नहीं सकते। उन्होंने जोर देते हुए कहा, "कोई पुरुष किसी महिला का बलात्कार कर ही नहीं सकता। यदि महिला सहमत नहीं होगी तो संबंध होंगे ही नहीं। बलात्कार जैसी कोई अवधारणा मौजूद नहीं है।" उनके अनुसार हर मामले में महिलाओं की भागीदारी होती है और जितने भी आरोप सामने आते हैं, उनमें महिलाएं पहले सहमति से संबंध बनाती हैं, बाद में उन्हें बलात्कार का नाम दे देती हैं।
कौन हैं कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया?
फूल सिंह बरैया मध्य प्रदेश के भांडेर (अनुसूचित जाति) विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के विधायक हैं। उनका जन्म जनवरी 1962 में हुआ और वे एक अनुभवी दलित नेता माने जाते हैं। बरैया का राजनीतिक सफर काफ़ी उतार-चढ़ाव भरा रहा है।
- बरैया ने अपने करियर की शुरुआत बहुजन समाज पार्टी (बसपा) से की और 1998 में पहली बार विधायक बने। इसके बाद वे समय-समय पर सामता समाज पार्टी, लोक जनशक्ति पार्टी और बहुजन संघर्ष दल जैसी पार्टियों से भी जुड़े।
- वर्ष 2019 में उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का दामन थामा और 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर भांडेर सीट से जीत दर्ज की।
- 2024 के लोकसभा चुनाव में वे भिंड (एससी) सीट से कांग्रेस उम्मीदवार रहे, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
- मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023: भांडेर (SC) क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में 29,438 मतों से जीता












Click it and Unblock the Notifications