'लगवा दूंगा जानवरों की वैक्सीन, ना तुम रहोगे ना वायरस', फिलीपींस के राष्ट्रपति ने जनता को दी धमकी
नई दिल्ली, 24 जून: फिलीपींस में भी कोरोना महामारी के खिलाफ टीकाकरण अभियान जारी है। इस दौरान वहां के राष्ट्रपति रोड्रिगो दुतेर्ते ने भारत को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया है। पहले से रिकॉर्डेड जनता के नाम एक संबोधन में उन्होंने कहा कि जो लोग वैक्सीन नहीं लगवाना चाहते हैं, उनको गिरफ्तार किया जाएगा। अगर वो चाहें तो भारत या अमेरिका कहीं भी जा सकते हैं। उनके इस बयान को लेकर सोशल मीडिया में बड़ी संख्या में भारतीयों ने आपत्ति जताई है।

दुतेर्ते ने अपने संबोधन में कहा कि मुझे गलत मत समझिए। इस देश को कोरोना महामारी जैसे एक बड़े संकट का सामना करना पड़ रहा है। ये एक तरह से राष्ट्रीय आपातकाल है। अगर आप वैक्सीन नहीं लगवाते हैं, तो मैं आपको गिरफ्तार करवा दूंगा। इसके बाद आपको जबरदस्ती वैक्सीन लगवा दूंगा। उन्होंने आगे कहा कि फिलीपींस पहले से पीड़ित है, ऐसे में वैक्सीन नहीं लगवाने वाले लोग उसकी टेंशन बढ़ा रहे हैं। तो आप सभी ध्यान से सुनें और सावधान रहें। सरकार को जबरदस्ती करने पर मजबूर ना करें, क्योंकि उसके पास मजबूत हाथ है। दुतेर्ते ने कहा कि जो लोग वैक्सीन नहीं लगवाना चाहते वो देश छोड़कर भारत और अमेरिका चले जाएं।
राष्ट्रपति के मुताबिक वो लोग बेवकूफ लोग हैं, जो टीका लगवाना पसंद नहीं कर रहे हैं। वास्तव में वो ही लोग वायरस को फैलाने का काम कर रहे हैं। वो आराम से एक जगह से दूसरी जगह पर जाते हैं। इसके अलावा अपने साथ वायरस भी ले जाते हैं। ऐसे लोगों के लिए उन्होंने एक नया प्लान तैयार किया है। वो उन्हें सुअरों को लगने वाला टीका लगवा देंगे। जिसके बाद ना तो वायरस रहेगा और ना ही वो इंसान।












Click it and Unblock the Notifications