फिलीपींस: कोविड रूल तोड़ने पर करवाई उठक-बैठक, चली गई जान, कुत्ते के पिंजरे में रखने के लिए बदनाम रहा देश
मनीला। दक्षिण पूर्व एशियाई देश फिलीपींस में कोविड-19 के तहत नियम तोड़ने पर एक व्यक्ति को इतनी कठोर सजा दी गई जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने कोविड नियम के उल्लंघन पर उससे उठक-बैठक करवाई थी जिसके चलते मौत हुई है।

प्रांत में शारीरिक सज़ा का नहीं है प्रावधान
मीडिया रिपोर्ट के मुताबित डेरेने मेनॉग को केवाइट प्रांत के अधिकारियों ने उस समय पकड़ा था जब वह गुरुवार को स्थानीय समयानुसार शाम के 6 बजे के बाद पानी खरीद रहे थे। आरोप है कि इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने उनसे सजा के तौर पर शारीरिक अभ्यास करवाया था। अगले दिन उनकी तबीयत बिगड़ गई और बाद में मौत हो गई।
लूजॉन द्वीप पर स्थित केवाइट प्रांत में कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए सख्त लॉकडाउन लगाया गया है।
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए पुलिस विभाग के स्थानीय प्रमुख ने कहा कोरोना वायरस के चलते लगाए कर्फ्यू के उल्लंघन पर किसी भी तरह की शारीरिक दंड देने का कोई नियम नहीं है। अगर अधिकारियों को ऐसा करने का दोषी पाया जाता है तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

एक बार न कर पाने फिर से शुरू होती थी सज़ा
डेरेन मेनॉग के एक रिश्तेदार ने फेसबुक पर उनकी मौत की सूचना दी थी। रिश्तेदार ने बताया कि मेनॉग और दूसरे लोगों को कर्फ्यू का उल्लंघन करने पर पकड़ा गया था जिसके बाद उन्हें 100 बार उठक-बैठक लगाने को कहा गया था। वे ऐसा सरने में असफल रहते तो उन्हें फिर से ऐसा करने को कहा जाता। इस तरह सभी लोगों को 300 बार उठक बैठक करनी पड़ी।
उनके भाई ने बताया कि वह शुक्रवार को सुबह 6 बजे घर पहुंचे थे। वहीं उनकी पार्टनर ने एक स्थानीय समाचार से बातचीत में बताया कि पूरे दिन भर चल-फिर नहीं पा रहे थे।
पार्टनर रिचलिन बाल्स ने बताया कि "पूरे दिन मेनॉग को चलने में मुश्किल आ रही थी और बस रेंग रहे थे। लेकिन मैने इसे गंभीरता से नहीं लिया क्योंकि उन्होंने बताया कि यह एक सामान्य शारीरिक दर्द है।"
अगले दिन वह गिर गए और उनकी सांस चलनी बंद हो गई। इसके बाद घबराई बाल्स ने पड़ोसियों को मदद के लिए बुलाया लेकिन थोड़ी ही देर में मेनॉग की मौत हो गई थी।

मेयर ने दिए घटना की जांच के आदेश
जनरल ट्रायस सिटी, जहां ये घटना हुई है, के मेयर ओनी फेरर ने सिटी पुलिस चीफ से पूरी घटना की जांच करने को कहा है। मेयर ने पुलिस द्वारा दी गई इस कथित सज़ा का टॉर्चर कहा है। मेयर ने जानकारी दी है कि उन्होंने मेनॉग के परिवार से संपर्क किया है।
इसके पहले मानवाधिकार संस्था ह्यूमन राइट वाच ने फिलीपींस में कोविड नियम तोड़ने वालों के साथ दुर्व्यवहार के बारे में चेतावनी थी। मानवाधिकार संस्था ने कहा था कि फिलीपींस में ऐसे कई मामले सामने आए हैं जब नियम तोड़ने पर लोगों को कुत्तों के पिंजरे में बंद कर दिया गया था और कई जगह पर लोगों को दिन में कड़ी धूप में बैठने के लिए मजबूर किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications