देश भर में 15 नवंबर को बंद हो सकते हैं पेट्रोल पंप, जानिए क्यों?
एक साथ देश भर में 54,000 पेट्रोल पंप 15 नवंबर को बंद हो सकते हैं। सीपीआईडी ने कहा कि अगर ऑयल कंपनियों ने हमारी मांग नहीं मानी तो हम ऐसा जरूर करेंगे।
हैदराबाद। पूरे देश भर में 15 नवंबर को पेट्रोल पंप बंद रह सकते हैं। ऐसा इसलिए होगा क्योंकि कंसटोर्यिम ऑफ इंडियन पेट्रोलियम डीलर्स(सीपीआईडी) ने केंद्र सरकार से अपना कमीशन बढ़ाने की मांग की है।

सीपीआईडी ने कहा है कि वो शनिवार को कुछ घंटे के लिए पेट्रोल बेचेंगे और रविवार व अन्य सरकारी छुट्टी के दिन पूरी तरह से यह बंद रखेंगे। इसके अलावा एक साथ देश भर में 54,000 पेट्रोल पंप 15 नवंबर को बंद हो सकते हैं। सीपीआईडी ने कहा कि अगर ऑयल कंपनियों ने हमारी मांग नहीं मानी तो हम ऐसा जरूर करेंगे।
सीपीआईडी के महासचिव अरविंद अमाराम ने बताया कि सिर्फ तेलंगाना में ही 1400 पेट्रोल और डीजल के ट्रक कल और आज नहीं भरे गए।
उन्होंने कहा कि इस विरोध को जताने के लिए हमने कल और आज पेट्रोलियम उत्पादों की खरीद को बंद कर दिया है। इसके बाद शनिवार को हम सिर्फ सरकारी ऑफिस के समय के हिसाब से सुबह 9 से शाम को 6 बजे तक पेट्रोल पंप खोलेंगे। इसके बाद भी अगर सरकार ने हमारी बात नहीं मानी तो देश भर में एक साथ 15 नवंबर को सारे पेट्रोल पंप बंद किए जाएंगे।
सीपीआईडी ने अपूर्वा चंद्रा कमेटी की सिफारिशों को भी लागू करने की मांग की है। इस कमेटी ने पेट्रोल पर प्रति लीटर चार रुपए और डीजल पर प्रति लीटर तीन रूपए का कमीशन देने की बात कही थी। पर यूपीए सरकार ने पेट्रोल पर कमीशन को 1.28 रुपए प्रति लीटर से बढ़ाकर 2.15 रुपए और डीजल पर कमीशन को 0.70 रुपए से बढाकर 1.28 रुपए किया था।












Click it and Unblock the Notifications