केजरीवाल को बधाई देते हुए उद्धव ने पीएम मोदी पर साधा निशाना, बोले- देश जन की बात से चलेगा, मन की बात से नहीं
नई दिल्ली। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 में आम आदमी पार्टी (आप) की जीत के लिए अरविंद केजरीवाल और दिल्ली की जनता को बधाई दी है। इसके अलावा उन्होंने पीएम मोदी पर भी निशाना साधा। उद्धव ठाकरे ने कहा ' लोगों ने दिखा दिया कि देश 'जन की बात' से चलेगा, 'मन की बात' से नहीं। भाजपा ने केजरीवाल को आतंकी कहा, लेकिन उन्हें हरा नहीं सकी।'

उद्धव ठाकरे ने कहा, "जनता के काम के सामने तथाकथित राष्ट्रीय विचारों वाली सरकार हार गई।" उद्धव ने कहा, "केंद्र में विराजमान बड़े महारथियों ने अपनी पूरी ताकत लगाई। बड़े-बड़े नामों को चुनाव के मैदान में उतारा, अरविंद केजरीवाल की आतंकवादी से तुलना की, लोगों के विषयों को नजरअंदाज कर अंतरराष्ट्रीय विषयों को चुनावी मुद्दा बनाकर लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश की।
इतना सब करने के बावजूद अरविंद केजरीवाल को वो नहीं हरा पाए। जनता 'आप' के साथ खड़ी रही और लोकतंत्र पर विश्वास और मजबूत किया। दिल्ली की जनता और अरविंद केजरीवाल का मैं महाराष्ट्र और शिवसेना की तरफ से दिल से अभिनंदन करता हूं। अरविंद केजरीवाल को भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी देता हूं।"
बता दें दिल्ली में बिजली, पानी, शिक्षा और विकास को अपना चुनावी मुद्दा बनाने वाली आम आदमी पार्टी 70 में से 63 सीटों पर, वहीं बीजेपी 7 सीटों पर आगे चल रही है। दिल्ली विधानसभा चुनाव ऐसे वक्त हुए थे जब दिल्ली सहित देश भर में संशोधित नागरिकता कानून, राष्ट्रीय नागरिक पंजी और राष्ट्रीय जनसंख्या पंजी के विरोध में प्रदर्शन हो रहे थे। गौरतलब है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने अब तक 70 में से 63 सीटों पर बढ़त बना ली है। इन सीटों पर आप जीतने के करीब है। इस बार भी केजरीवाल का झाड़ू जमकर चला है। जो भाजपा शुरुआत में 24 सीटों पर बढ़त बनाए हुए थी, वह अब सात पर आ गई है। भाजपा की सीटें और भी अभी कम हो सकती हैं।












Click it and Unblock the Notifications