अक्षरा बिगाड़ेगी पवन सिंह का खेल! शत्रुघ्न के लिए करेगी चुनाव प्रचार? इन BJP नेताओं से रही है नजदीकियां...
भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को आगामी लोकसभा चुनावों के लिए अपने 195 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में मशहूर भोजपुरी सिंगर और अभिनेता पवन सिंह का भी नाम है।
बीजेपी ने पवन सिंह को पश्चिम बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। सबसे बड़ी बात यह है कि खुद पवन सिंह भी भाजपा से इस बार ही टिकट मिलने को लेकर आश्वस्त नहीं थे।

भाजपा प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर रही थी तब पवन सिंह जिम में बैठकर न्यूज चैनल पर पूरी प्रेस कॉन्फ्रेंस देख रहे थे। अपना नाम लिस्ट में सुनने के बाद उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
पवन सिंह को टिकट मिलने के बाद अब इस बात की चर्चा तेज है कि क्या पवन सिंह के खिलाफ विपक्ष अक्षरा सिंह को स्टार प्रचारक बनाएगी! दरअसल, पवन सिंह और अक्षरा के बीच की रंजिशें जग जाहिर हैं। ऐसे में अक्षरा का पवन सिंह के लिए तो प्रचार करना मुमकिन नहीं है लेकिन उनके खिलाफ प्रचार करने को लेकर चर्चा तेज है।
बिहार में भी आज महागठबंधन की तरफ से महारैली बुलाई गई है। इस रैली में इंडिया गठबंधन के तमाम बड़े नेता के शामिल होने की बातें कही जा रही है। ऐसे में चर्चा इस बात की भी है कि इस रैली में अक्षरा सिंह शामिल हो सकती हैं।
यदि अक्षरा इस रैली में शामिल होती हैं तो जाहिर सी बात है कि फिर वह पवन सिंह के खिलाफ भी प्रचार करने के लिए आसनसोल जा सकती हैं और ममता बनर्जी की पार्टी का समर्थन उन्हें हासिल हो सकता है। पवन सिंह के लिए आसनसोल से चुनाव लड़ना कहीं से भी आसान नहीं होने वाला है।
हालांकि, इंडिया ब्लॉक की ओर से इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। पवन और अक्षरा की आपसी रंजिश को भुनाने की कोशिश विपक्ष कर सकती है। लेकिन अब तक पवन सिंह के खिलाफ अक्षरा के चुनाव प्रचार करने की कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
दरअसल, 2024 के लोकसभा चुनाव में भी बीजेपी ने भोजपुरी एक्टरों और गायकों पर पूरा भरोसा जताया है। भोजपुरी फिल्मों के तीन कलाकार पहले से ही बीजेपी के सांसद हैं, अब चौथे की भी एंट्री हुई है। बिहार के निवासी पवन सिंह को पश्चिम बंगाल के आसनसोल संसदीय क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया गया है। इस सीट से फिलहाल बिहार के ही निवासी और फिल्म कलाकार शत्रुघ्न सिन्हा सांसद हैं, अब पवन सिंह उन्हें टक्कर देंगे।
अक्षरा सिंह सभी पार्टियों के कार्यक्रम में जाती रही हैं। ऐसे में ये भी बातें सामने आ रही थी की भाजपा अक्षरा को आम चुनाव में प्रचारक बना सकती है। भाजपा सूत्रों का कहना है कि इस बार पार्टी अक्षरा को स्टार प्रचारक के लिस्ट में नहीं रख रही है। लेकिन, पवन सिंह के लिए उनके ही भोजपुरी इंडिस्ट्री के कई अन्य कलाकार और भाजपा नेता प्रचार करते हुए नजर आ सकते हैं, जिसमें मनोज तिवारी, निरहुआ, रवि किशन का नाम सबसे आगे हैं।
उम्मीदवारों की पहली सूची में बीजेपी ने भोजपुरी कलाकारों पर भरोसा जताया है। पवन सिंह के साथ साथ मनोज तिवारी, रवि किशन और दिनेश लाल यादव निरहुआ को टिकट दिया गया है। पवन सिंह पश्चिम बंगाल के आसनसोल से उम्मीदवार होंगे। वहीं, उत्तर पूर्वी दिल्ली संसदीय क्षेत्र से मनोज तिवारी प्रत्याशी घोषित किये गये हैं। हालांकि ,मनोज तिवारी अभी उसी सीट से सांसद हैं।
इसके साथ ही, भोजपुरी फिल्मों के एक्टर रवि किशन को उत्तर प्रदेश की गोरखपुर सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। रवि किशन सीटिंग एमपी हैं। जबकि उत्तर प्रदेश की आजमगढ़ सीट से भोजपुरी कलाकार दिनेश लाल यादव निरहुआ को उम्मीदवार बनाया गया है। उपचुनाव को जीत कर दिनेश पहले से ही इस सीट से सांसद हैं।
उधर, टिकट मिलने के बाद सोशल मीडिया पर पवन सिंह के सेलिब्रेशन से जुड़ा एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है। यह वीडियो तब रिकॉर्ड किया गया था जब बीजेपी की प्रेस कॉन्फ्रेंस चल रही थी और पवन सिंह उसे मोबाइल पर देख रहे थे।
जिस वक्त भाजपा की प्रेस कॉन्फ्रेंस चल रही थी, उस वक्त वह जिम में थे और एक्सरसाइज रोककर पीसी देखने लगे थे। इस वायरल वीडियो में पवन सिंह बैठकर मोबाइल पर एक न्यूज चैनल देख रहे हैं, जबकि जिम में मौजूद अन्य लोग उनके आसपास खड़े हैं। जैसे ही उनके नाम का ऐलान होता है पवन सिंह के चेहरे पर मुस्कान आ जाती है और उनके पास खड़े सभी लोग जश्न मनाने लगते हैं।
इसके बाद लोग आकर उन्हें बधाई देते हैं। लोगों की बधाई लेने के बाद पवन सिंह जिम में ही मौजूद मंदिर के सामने जाते हैं और अपना माथा टेकते हुए भगवान को प्रमाण करते है।












Click it and Unblock the Notifications