Patparganj Election Results 2020: दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया 3006 वोटों से जीते
नई दिल्ली। दिल्ली की पटपड़गंज विधानसभा सीट पर कांटे की टक्कर के बाद डिप्टी सीएम और आप नेता मनीष सिसोदिया ने जीत दर्ज कर ली है। सुबह आठ बजे मतगणना शुरू होते ही तेजी से आप के मनीष सिसोदिया ने बढ़त हासिल की और लगातार कई घंटों तक आगे रहे। लेकिन कुछ समय बाद वो भाजपा उम्मीदवार से पीछे हो गए थे। लेकिन बाद में एक बार फिर उन्होंने बढ़त बनाई।

चुनाव आयोग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक मनीष सिसोदिया ने 65,215 वोटों के साथ पटपड़गंज विधानसभा सीट से जीत हासिल की है। वहीं उनके खिलाफ भाजपा की ओर से खड़े रविंद्र सिंह नेगी को 62,209 वोट मिले हैं, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार 2561 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
कुछ समय पहले तक सिसोदिया करीब दो हजार वोटों से पीछे चल रहे थे। इस दौरान यहां भाजपा और आप के बीच बिल्कुल कांटे की टक्कर चल रही थी। 11वें राउंड की गिनती के बाद सिसोदिया 556 वोटों से आगे निकले और अंतत: जीत हासिल की। बता दें दिल्ली में 8 फरवरी को मतदान हुए थे। यहां करीब 21 मतगणनना केंद्र बनाए गए। कुल 62.59 फीसदी लोगों ने मतदान किया था। हालांकि 2015 में 67.5 फीसदी लोगों ने मतदान किया था।
गौरतलब है कि इससे पहले 2015 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 70 में से 67 विधानसभा सीट हासिल की थीं। भाजपा ने तीन सीटें हासिल की थीं। जबकि कांग्रेस के हाथ एक भी सीट नहीं आई थी।












Click it and Unblock the Notifications