संसद में बोले शशि थरूर- आंकड़ों की विश्वसनीयता के संकट से गुजर रहे हम
नई दिल्ली। संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान बुधवार को लोकसभा में जमकर हंगामा हुआ। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने देश में डेटा एकत्र करने के मुद्दे को संसद में उठाया। उन्होंने सवाल पूछा कि क्या सरकार स्वतंत्र विशेषज्ञों की एक कमेटी द्वारा हमारे देश में डेटा एकत्र करने में इस्तेमाल की जा रही प्रक्रियाओं और स्रोतों पर गौर करने के लिए समीक्षा करने पर सहमत होगी।

कांग्रेस सांसद ने कहा कि हमारी आर्थिक सफलता विश्वसनीय नंबरों पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि हम दुनिया में आंकड़ों की विश्वसनीयता के संदर्भ में एक विकट स्थिति का सामना कर रहे हैं। उदाहरण के तौर पर मुख्य आर्थिक सलाहकार जीडीपी विकास के 6.7 से 8.2 तक संशोधन पर सवाल उठा रहे हैं। उनके इस सवाल पर केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि सरकार इन कमियों से वाकिफ है।
उन्होंने कहा कि ये एक सतत प्रकिया है और हम इसे बेहतर करने और अपग्रेड करने का प्रयास कर रहे हैं। इसके पहले, लोकसभा में कांग्रेस सांसद एक कोडिकुन्निल ने जम्म-कश्मीर के मुद्दे को उठाया। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में आतंकी हमले हुए हैं। वहां पर सामान्य स्थिति कहां है? उन्होंने सरकार पर सदन को गुमराह करने का आरोप लगाया और इसपर जवाब मांगा।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस सांसद के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि सुरक्षाबल और पुलिस अपना काम कर रहे हैं, वे जवाबी कार्रवाई कर रहे हैं। आर्टिकल 370 हटाए जाने के बाद आतंकी घटनाएं कश्मीर में बहुत कम हुई हैं और हालात तेजी से सामान्य हो रहे हैं। इस दौरान, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने इसरो को कार्टोसैट-3 सैटलाइट के सफल प्रक्षेपण के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि पीएसएलवी-सी-47 के स्वदेशी कार्टोसैट -3 सैटलाइट और अमेरिका के दर्जनों नैनो सैटलाइट्स को ले जाने के लिए इसरो को बधाई देता हूं।












Click it and Unblock the Notifications