IT मामलों की संसदीय कमेटी ने फेसबुक और गूगल को भेजा समन, नागरिक अधिकारों पर होगी चर्चा
नई दिल्ली, 28 जून: सूचना प्रौद्योगिकी (IT) मामलों पर संसद की स्थायी समिति ने 29 जून को एक बैठक बुलाई है। जिसके लिए फेसबुक इंडिया और गूगल इंडिया के प्रतिनिधियों को समन भेजा गया। इस बैठक में जनता के अधिकारों की रक्षा और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के दुरुपयोग की रोकथाम पर चर्चा की जाएगी। वहीं दूसरी ओर फेसबुक इंडिया ने बैठक में वर्चुअल माध्यम से शामिल होने का प्रस्ताव रखा था, जिसे समिति ने ठुकरा दिया। साथ ही 29 जून को शाम 4 बजे अधिकारियों को पेश होने को कहा।

संसदीय समिति के एजेंडा नोट के मुताबिक सोशल नेटवर्किंग साइट पर नागरिकों के अधिकारों की सुरक्षा प्रमुख है। इसके अलावा डिजिटल स्पेस में महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। इसी वजह से गूगल और फेसबुक के अधिकारियों को बुलाया गया है, ताकी उनसे विस्तार से चर्चा की जा सके। समन मिलने के बाद फेसबुक अधिकारियों ने कोरोना का हवाला देते हुए वर्चुअल रूप से शामिल होने की मांग की। इस पर पैनल के अध्यक्ष शशि थरूर ने कहा कि संसद सचिवालय किसी भी वर्चुअल बैठक की इजाजत नहीं देता है। ऐसे में उनके अधिकारी व्यक्तिगत रूप से प्रस्तुत हों।
लंबे वक्त से चल रहा है विवाद
आपको बता दें कि सरकार और सोशल नेटवर्किंग साइट के बीच लंबे वक्त से विवाद चल रहा है। सरकार ने फेसबुक, ट्विटर जैसी साइटों के लिए नए नियम बनाए थे, लेकिन उन्होंने अभी उसको ठीक ढंग से लागू नहीं किया। इसके अलावा हाल ही में ट्विटर ने केंद्रीय आईटी मंत्री रविशंकर प्रसाद का अकाउंट भी ब्लाक कर दिया था। संसदीय समिति इस मामले में भी ट्विटर से जवाब मांगेगी।












Click it and Unblock the Notifications