Anantnag Encounter: आप सांसद संजय सिंह का हमला, कहा- देश गम में डूबा था और प्रधानमंत्री जश्न में थे
Anantnag Encounter: जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में 13 सितंबर को हुई आतंकियों से मुठभेड़ में सेना के दो और पुलिस के अफसर शहीद हो गए। इस घटना के बाद से पूरे देश में गुस्सा है। दूसरी तरफ 18 सितंबर से 22 सितंबर तक संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है, जिस पर अब आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह की प्रतिक्रिया आई है।
आप सांसद संजय सिंह ने अनंतनाग एनकाउंटर पर रिएक्शन देते हुए केंद्र की मोदी सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी और भाजपा का शर्मनाक चेहरा पूरे देश के सामने आया है। देश तीन अफसरों की शहादत के गम में डूबा था और प्रधानमंत्री जश्न में थे।

संसद के विशेष सत्र में AAP उठाएगी मुद्दा
अनंतनाग में हुई मुठभेड़ पर संजय सिंह ने कहा कि संसद के विशेष सत्र के दौरान आम आदमी पार्टी के सांसद इस मुद्दे को वहां जरूर उठाएंगे। संजय सिंह ने आगे कहा कि एक तरफ भारत माता के वीर सपूतों का जनाजा उठा रहा था तो दूसरी तरफ मोदी-मोदी के नारों के साथ जुलूस निकला, देश याद रखेगा।
सिंह ने मोदी सरकार को घेरा
आप सांसद संजय सिंह ने गुरुवार (14 सितंबर) को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि जब एक तरफ शहीदों का जनाजा उठ रहा था, तब मोदी-मोदी का नारा लगाकर G20 का जश्न मनाया गया। ये प्रधानमंत्री की संवेदनशीलता जाहिर करता है।
तीन सालों में सबसे बड़ा आतंकी हमला-सिंह
अनंतनाग मुठभेड़ में दो सेना अधिकारियों और एक जम्मू-कश्मीर पुलिसकर्मी की शहादत पर सिंह ने कहा कि यह पिछले तीन वर्षों में सबसे बड़ा आतंकी हमला है, पूरा देश इससे सदमे में है।
अनंतनाग एनकाउंटर में कर्नल-मेजर और DSP शहीद
आपको बता दें कि बुधवार (13 सितंबर) को जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में सेना और आतंकियों की मुठभेड़ में भारतीय सेना के कर्नल, मेजर और जम्मू पुलिस के डीएसपी शहीद हो गए थे। इस घटना के बाद से पूरे देश में गुस्सा है।












Click it and Unblock the Notifications