Parliament Security Breach: राष्ट्रपति से मिलेगा विपक्षी नेताओं का प्रतिनिधिमंडल, अमित शाह के बयान की मांग
Parliament Security Breach: संसद की सुरक्षा में सेंध लगाने की बड़ी घटना सामने आई है। बुधवार दोपहर दो युवक दर्शक दीर्घा से सांसदों के बीच कूद गए। इसके बाद पूरे सदन में हड़कंप मच गया। संसद के बाहर भी ऐसी ही घटना देखने को मिली। इस मामले में चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। दो की तलाश चल रही है।
समाचार एजेंसी एएनआई के सूत्रों के अनुसार, इस मुद्दे पर विपक्षी नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रपति से मिलने का फैसला किया है। इस मुद्दे को लेकर कल यानी गुरुवार सुबह 10 बजे संसद में इंडिया गठबंधन के नेताओं की बैठक होगी। इसके बाद राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगा जाएगा। साथ ही विपक्षी दल कल दोनों सदनों में इस मुद्दे पर गृह मंत्री अमित शाह के बयान की मांग करेंगे।

बता दें कि बुधवार दोपहर को संसद में शून्यकाल के दौरान एक बड़ा सुरक्षा उल्लंघन हुआ। जब पीले धुंए छोड़ने वाले कनस्तरों को ले जाने वाले दो युवक विजिटर्स गैलरी से लोकसभा में कूद गए। हालांकि, सांसदों ने पकड़कर युवक को काबू कर लिया। वहीं दूसरी घटना में दो प्रदर्शनकारियों नीलम (42) और अमोल (25) ने समान गैस कनस्तरों के साथ संसद के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। बाद में चारों को हिरासत में ले लिया गया।
दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि सभी चारों संदिग्ध और एक अज्ञात पांचवां व्यक्ति राष्ट्रीय राजधानी के बाहर से आए थे। गुरुग्राम में एक व्यक्ति के घर पर रुके थे। उन्होंने कहा कि दो को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है।
इस बीच, दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने कहा कि परिवहन भवन के सामने संसद के बाहर से हिरासत में लिए गए नीलम और अमोल की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि उनके पास मोबाइल फोन या कोई अन्य पहचान पत्र नहीं था। उन्होंने बताया कि दोनों ने किसी भी संगठन से कोई संबंध होने से इनकार किया है।












Click it and Unblock the Notifications