Sansad Mein Aaj Kya Hua: बिहार में SIR पर दोनों सदनों में जमकर बवाल, एक और दिन हंगामे की भेंट चढा
Sansad Mein Aaj Kya Hua: संसद के मानसून सत्र का यह तीसरा हफ्ता है, लेकिन अब तक सिर्फ 2 ही दिन सदन में कामकाज हो सका है। सोमवार को एक और हंगामे की भेंट चढ़ गया। लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होते ही दोनों सदनों में बिहार में वोटर लिस्ट संशोधन पर चर्चा की मांग विपक्षी सांसदों की ओर से की गई। हंगामे और शोर-शराबे की वजह से किसी बिल पर चर्चा नहीं हो सकी।
लोकसभा में विपक्षी सांसद हंगामा करते हुए वेल तक पहुंच गए जिसके बाद सदन स्थगित करना पड़ा। राज्यसभा में झारखंड के पूर्व सीएम शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि दी गई जिसके बाद सदन की कार्यवाही मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।

Bihar SIR पर जमकर हुआ बवाल
संसद परिसर में वोटर लिस्ट संशोधन के मुद्दे पर प्रदर्शन करने के लिए विपक्षी सांसद सुबह 10.30 बजे संसद परिसर में एकजुट हुए थे। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि यह गंभीर मसला है और हम चाहते हैं कि सदन में उस पर चर्चा हो। इसके बाद लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी दलों का हंगामा शुरू हो गया और नाराज होकर स्पीकर ओम बिड़ला को 2 बजे तक के लिए सदन स्थगित करना पड़ा।
यह भी पढ़ें: सूटकेस, फार्महाउस और संसद सौदा! जब सरकार बचाने के बदले मिली थी घूस, शिबू सोरेन की विरासत का सबसे काला अध्याय
लोकसभा में गतिरोध खत्म करने के लिए स्पीकर ने बुलाई सर्वदलीय बैठक
लोकसभा फ्लोर लीडर्स की लोक सभा स्पीकर ओम बिड़ला ने बैठक बुलाई, ताकि सदन में जारी गतिरोध को खत्म किया जा सके। हालांकि, इसका कोई असर होता नहीं दिखा है। सोमवार को भी सदन की कार्यवाही स्थगित ही करनी पड़ी। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि सरकार चाहती है कि अब अगर गतिरोध न भी खत्म हो तब भी सदन की कार्यवाही चलती रहे और महत्वपूर्ण बिल पास कराए जा सकें।
स्पोर्ट्स गवर्नेंस बिल पर नहीं हो सकी चर्चा
केंद्रीय संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि स्पोर्ट्स गवर्नेंस बिल हमारे देश के खिलाड़ियों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। हम चाहते हैं कि इस पर चर्चा हो सके, लेकिन विपक्ष अहम बिलों पर चर्चा के बजाय हंगामा करने में समय बर्बाद कर रहा है। बीजेपी सांसद जगदंबिका पाल ने भी कहा कि विपक्षी दल सिर्फ हंगामा करना चाहते हैं। संसद में चर्चा होनी चाहिए, अहम बिल पास होने चाहिए। संसद सत्र का एक-एक दिन महत्वपूर्ण होता है।
यह भी पढ़ें: 'संसद में रोज़ तमाशा किया जा रहा है, गुंडागर्दी करने की कोशिश हो रही है', अब किस पर भड़की BJP सांसद कंगना
हंगामे की वजह से लोकसभा मंगलवार तक के लिए स्थगित
सदन की कार्यवाही 2 बजे तक के लिए स्थगित की गई थी। इसके बाद पीठासीन अधिकारी जगदंबिका पाल ने कांग्रेस और विपक्षी दल के सांसदों से कहा कि वह चर्चा करें। स्पोर्ट्स गवर्नेंस बिल देश के खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण है। हालांकि, जब विपक्षी सांसद इसके लिए तैयार नहीं हुए और हंगामा करते ही रहे तो उन्होंने मंगलवार तक के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी।












Click it and Unblock the Notifications