'संसद में रोज़ तमाशा किया जा रहा है, गुंडागर्दी करने की कोशिश हो रही है', अब किस पर भड़की BJP सांसद कंगना
Voter List Revision Protest Parliament 2025: संसद के मानसून सत्र में शुक्रवार को एक बार फिर हंगामे ने कार्यवाही को बाधित कर दिया। लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने बिहार में मतदाता सूची पुनरीक्षण (Voter List Revision) को लेकर जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। विपक्ष की मांग थी कि इस मुद्दे पर तत्काल चर्चा की जाए, लेकिन स्पीकर ओम बिरला ने प्रश्नकाल चलने देने की अपील की। बावजूद इसके विपक्ष नहीं माना और मजबूरन लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित करनी पड़ी।
इस बीच, राज्यसभा की कार्यवाही पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई है। अब अगली बैठक 4 अगस्त 2025 को सुबह 11 बजे शुरू होगी।इसी घटनाक्रम को लेकर बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने नाराज़गी जताई है। उन्होंने विपक्षी दलों के व्यवहार को लोकतंत्र के खिलाफ बताया और कहा कि जब देश को जवाब चाहिए, तब ये नेता सिर्फ शोर मचाते हैं। कंगना का बयान एक बार फिर राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है।

कंगना रनौत ने क्या कहा?
BJP सांसद कंगना रनौत ने कहा, 'संसद में रोज़ तमाशा किया जा रहा है... गुंडागर्दी करने की कोशिश हो रही है। स्पीकर को बोलने का मौका तक नहीं दिया जा रहा है। अगर कोई देश विरोधी कुछ भी कहता है, तो कांग्रेस सबसे पहले उसका समर्थन करती है। देश के बारे में इतनी नकारात्मक सोच रखना, यह कांग्रेस की करतूत है। संसद की हालत ऐसी हो गई है कि वहां बैठना मुश्किल हो गया है वहां इनकी नारेबाज़ी चलती रहती है।'
विरोध किस बात पर कर रहे हैं?- संजय झा
वहीं JDU सांसद संजय झा ने SIR को लेकर विपक्ष के विरोध पर कहा, 'जो लोग विरोध कर रहे हैं, वही लोग सुप्रीम कोर्ट गए हैं। मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है, सुप्रीम कोर्ट के फैसले का इंतज़ार कीजिए, संविधान ने चुनाव कराने, वोटर लिस्ट में संशोधन करने का काम चुनाव आयोग को ही दिया है... ऐसा पहले भी हुआ है... चुनाव आयोग ने तो समय भी दिया है कि अगर आपको लगता है कि कुछ गड़बड़ हुई है तो आकर उसे ठीक करवा लीजिए... फिर ये लोग विरोध किस बात पर कर रहे हैं?'
गौरव गोगोई ने सरकार पर लगाया आरोप
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा, 'गरीब लोगों से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए जिस तरह से तरह-तरह के दस्तावेज़ मांगे जा रहे हैं, वह बेहद असंवेदनशील और गरीब विरोधी है... लोगों को अपने संवैधानिक मताधिकार का प्रयोग करने में कई तरह की मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है... जनता के प्रतिनिधि होने के नाते हम सदन में लोगों की मजबूरियों और समस्याओं को उठाना चाहते हैं, लेकिन अंदर हमें तरह-तरह के तर्क दिए जा रहे हैं कि सरकार इस मुद्दे पर चर्चा क्यों नहीं करा सकती। मुझे नहीं लगता कि ऐसा कोई मुद्दा है जिस पर हम सदन में चर्चा नहीं कर सकते।'
ये भी पढ़ें Sansad Mein Aaj Kya Hua: ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा में जारी रहा आरोपों का दौर, कांग्रेस पर बरसे जेपी नड्डा












Click it and Unblock the Notifications