Parliament Budget Session Day 8 Highlights: 37 राज्यसभा सांसदों की विदाई, लोकसभा में कृषि प्रस्ताव पर चर्चा
Parliament Budget Session Day 8 Highlights: लोकसभा में बजट सत्र के दूसरे चरण में भारी हंगामे के बाद सदन का कामकाज अब सुचारू रूप से चलने की दिशा में बढ़ रहा है। सत्र के आठवें दिन राज्यसभा से 37 सांसदों को विदाई दी गई, जबकि लोकसभा में कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा हुई। इस दौरान उपरी सदन में माहौल काफी खुशनुमा और शेरो-शायरी से भरा भी रहा।
37 राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल बुधवार (18 मार्च) को खत्म हो गया। प्रश्नकाल की जगह पर उन्हें विदाई दी गई। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि सदन में हर सदस्य का योगदान होता है। राजनीति में फुल स्टॉप नहीं होता। रिटायर हो रहे सांसदों का बड़ा योगदान है। पीएम मोदी ने राज्यसभा में कहा, 'राजनीति में फुल स्टॉप नहीं होता है।'

Parliament Budget Session Day 8: कृषि ऋणों पर मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दी जानकारी
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को लोकसभा में बताया कि केंद्र सरकार ने कृषि ऋण को आसान बनाया है। उन्होंने कहा, 'सभी किसानों के लिए कृषि ऋण प्रक्रिया सुलभ बनाने के लिए सरकार प्रयास कर रही है। किसानों की आय बढ़ाने के लिए ठोस योजनाएं जमीन पर उतारी गई हैं।' केंद्री मंत्री ने यह भी कहा कि सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि बाजार में केवल उच्च गुणवत्ता वाले बीज ही पहुंचें। सरकार घटिया बीजों को बाजार में आने नहीं देगी। अगर वे आ भी गए तो उनकी पहचान की जाएगी। हम घटिया बीजों की बिक्री पर रोक लगाएंगे।
Budget Session Day 8 Highlights: लोकसभा में किसान कल्याण पर चर्चा
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के नियंत्रण में अनुदान देने की मांग पर चर्चा और मतदान हुआ। राजस्थान से आरएलपी सांसद हनुमान बेनीवाल ने सरकार से किसानों का पूरा ऋण माफ करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इससे किसानों का दबाव कम हो सकेगा। बेनीवाल ने सरकार से पीएम फसल बीमा योजना के तहत हो रहे बड़े घोटाले की जांच करने का भी आग्रह किया।
फ्लाइट को लेकर केंद्र के निर्देश पर सांसदों ने दिए सुझाव
केंद्र सरकार ने एयरलाइंस को हर फ्लाइट में कम से कम 60% सीटें बिना सीट सिलेक्शन चार्ज के देने का निर्देश दिया है। इस व्यवस्था पर भाजपा सांसद शशांक मणि ने सुझाव दिया। उन्होंने कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जिस प्रकार से नागरिक उड्डयन में मूलभूत परिवर्तन हुआ है, वो बहुत सराहनीय है। हवाई चप्पल वाला भी हवाई जहाज में चले, यह सपना पूरा हुआ है। मंत्रालय को इस योजना को कुशलतापूर्वक लागू करना चाहिए और इस दायके का विस्तार है। यह ऐलान बहुत महत्वपूर्ण है।
37 सदस्यों की विदाई पर PM Modi ने कही खास बात
राज्यसभा सांसदों की विदाई पर पीएम मोदी ने उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने रामदास अठावले की विदाई पर कहा, 'वह तो सदाबहार हैं, अठावले जी जा रहे हैं लेकिन यहां हर किसी को उनकी कमी महसूस होगी।' मल्लिकार्जुन खरगे ने 37 सदस्यों को विदाई कुछ शायराना अंदाज में दी। उन्होंने कहा, कहां से शुरू करें, कुछ समझ नहीं आता है, आपकी विदाई के जिक्र से दिल भर आता है।
पीएम मोदी ने एचडी देवगौड़ा, मल्लिकार्जुन खरगे, शरद पवार के योगदान की तारीफ की। उन्होंने कहा कि ये ऐसे वरिष्ठ सदस्य हैं, जिनके जीवन का आधा से अधिक समय संसदीय कार्यप्रणाली में गया है। इतने लंबे अनुभव के बाद भी इनसे सभी नए सांसदों को सीखना चाहिए। तीनों की तारीफ करते हुए पीएम मोदी ने कहा, मैं उनके कार्यों की सराहना करता हूं। क्योंकि इतना लंबा कार्यकाल छोटा नहीं होता है।












Click it and Unblock the Notifications