Parliament Budget Session Day 4: लोकसभा में भारी बवाल, राहुल गांधी के डोकलाम जिक्र पर बीजेपी फायर
Parliament Budget Session Day 4: बजट सत्र का चौथा दिन काफी हंगामेदार रहा और लोकसभा में भारी बवाल की वजह से कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। संसद के दोनों सदनों में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान लोकसभा और राज्यसभा में जमकर हंगामा हुआ। हालांकि, राज्यसभा की कार्यवाही हंगामे के बावजूद चल सकी। लोकसभा की कार्यवाही को हंगामे के बाद दो बार स्थगित करना पड़ा और आखिरकार मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए कार्यवाही स्थगित कर दी गई।
लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के लिए राहुल गांधी कांग्रेस की तरफ से बोलने के लिए उठे। माना जा रहा था कि वह आम बजट पर अपनी राय रखेंगे। हालांकि, इससे अलग लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने डोकलाम मुद्दे पर पूर्व सेना प्रमुख की किताब का हवाला दिया। इसके विरोध में बीजेपी के सांसदों ने जमकर बवाल किया।

Parliament Budget Session Day 4: लोकसभा में भारी बवाल
राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी की स्पीच शुरू होते ही लोकसभा में हंगामा हो गया। राहुल ने डोकलाम की स्थिति पर पूर्व सेना प्रमुख नरवणे की किताब का हवाला दिया।
इस पर बीजेपी की तरफ से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृहमंत्री अमित शाह ने कड़ी प्रतिक्रिया जताई। हंगामा बढ़ने के बाद स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि सदन के नियमों के मुताबिक, अप्रकाशित किताब का हवाला नहीं दिया जा सकता है। भारी बवाल के बाद सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। 3 बजे राहुल गांधी ने फिर से बोलना शुरू किया और हंगामा शुरू हो गया। जब हंगामा खत्म थमा नहीं, तो आखिरकार कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी।
Budget Session Day 4 Highlights: अखिलेश यादव ने दिया राहुल का साथ
बीजेपी सांसदों के हंगामे के बाद राहुल गांधी के समर्थन में समाजवादी पार्टी के सांसद अखिलेश यादव खड़े हुए। उन्होंने कहा कि लोहिया जी ने भी कहा था कि भारत के लिए चीन सबसे बड़ा खतरा है। यह देश की राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा है, आखिर सरकार इस पर बात क्यों नहीं करना चाहती है। बीजेपी सांसदों ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि काल्पनिक बातों को तथ्य के तौर पर पेश नहीं किया जा सकता है।
राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव में 18 घंटे लंबी चर्चा का समय तय किया गया है। टीएमसी की तरफ से सागरिका घोष ने हिस्सा लिया और उन्होंने कहा कि यह बजट पूरी तरह से भेदभाव आधारित है और इसमें कई प्रदेशों की अनदेखी हुई है।
सदन के बाहर भी हुआ हंगामा
सदन के बाहर संसद परिसर में मीडिया से बात करते हुए विपक्षी सांसदों ने नाराजगी जाहिर की। राहुल गांधी ने कहा कि मैं सिर्फ 3-4 लाइ में अपनी बात कहना चाहता हूं, लेकिन मुझे बोलने से रोका जा रहा है। उन्होंने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि आखिर पीएम देश के सामने क्यों नहीं बता रहे हैं कि डोकलाम में चीन की सेना जब सामने खड़ी थी, तो भारतीय सेना को क्या आदेश दिया गया था। माना जा रहा है कि आने वाले दिन भी सदन के दोनों सदनों में जमकर हंगामा हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications