परेश रावल ने लोकसभा चुनाव लड़ने से किया इनकार, अहमदाबाद ईस्ट से हैं बीजेपी के सांसद
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के लिए सत्ताधारी पार्टी बीजेपी ने उम्मीदवारों की तीसरी लिस्ट जारी कर दी है। हालांकि पहले ही पार्टी के कई सीनियर नेताओं ने 2019 में लोकसभा चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया है। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के बाद बीजेपी के वरिष्ठ नेता कलराज मिश्र ने भी लोकसभा चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया था। वहीं अब खबर आ रही है कि फिल्म अभिनेता और बीजेपी सांसद परेश रावल ने भी चुनाव ना लड़ने की इच्छा जताई है।

कलराज मिश्रा के चुनाव लड़ने से मना करने के दो दिनों बाद अब फिल्म अभिनेता और अहमदाबाद ईस्ट से भाजपा के सांसद परेश रावल ने चुनाव ना लड़ने की इच्छा जताई है। परेश रावल ने बीजेपी आलाकमान को इससे अवगत भी करा दिया है। परेश रावल फिलहाल अहमदाबाद ईस्ट से भाजपा के सांसद हैं। उन्होंने कहा है कि पीएम मोदी को सपोर्ट करते रहेंगे।
इसके पहले गुरुवार को बीजेपी की सूची आने से कुछ घंटे पहले देवरिया से बीजेपी सांसद कलराज मिश्रा ने कहा था कि वे चुनाव नहीं लड़ेंगे। बीजेपी सांसद कलराज मिश्र ने कहा कि, मैं इस बार चुनाव नहीं लड़ूंगा, मुझे पार्टी द्वारा कई अन्य जिम्मेदारियां दी गई हैं, इसलिए मेरा समय उसी के प्रति समर्पित रहेगा।
गुरुवार को बीजेपी ने दूसरी लिस्ट जारी की थी जिसमें पार्टी ने पूर्व उपप्रधानमंत्री और वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की जगह गांधीनगर से बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के नाम का ऐलान किया था। गांधीनगर लोकसभा सीट से अब अमित शाह लालकृष्ण आडवाणी की जगह पार्टी के उम्मीदवार होंगे। गुजरात में लोकसभा चुनाव की अधिसूचना 28 मार्च को जारी की जाएगी और 4 अप्रैल तक उम्मीदवार नामांकन दाखिल कर सकते हैं। गुजरात में 23 अप्रैल को एक ही चरण में 26 लोकसभा सीटों पर मतदान संपन्न होंगे।












Click it and Unblock the Notifications