पाक पत्रकार हामिद मीर का दावा भारतीय है अलकायदा एशिया प्रमुख
नई दिल्ली। पाकिस्तानी पत्रकार हामिद मीर की ओर से एक ऐसा दावा किया गया है जो नरेंद्र मोदी, उनकी सरकार और देश की सुरक्षा एजेंसियों के लिए खतरे की बड़ी घंटी की तरह है। मीर का दावा है अलकायदा में दक्षिण एशिया का प्रमुख एक भारतीय ही है।

भारतीय ने रची अमेरिकी फौजो पर हमले की साजिश
अंग्रेजी डेली इंडियन एक्सप्रेस की ओर से आयोजित आइडिया एक्सचेंज प्रोग्राम में शिरकत करने आए हामिद मीर ने दावा किया है कि अल कायदा की भारतीय
महाद्वीप की इस शाखा का प्रमुख एक भारतीय है।
इसकी ओर से अफगानिस्तान में मौजूद अमेरिकी सेनाओं पर हमले की साजिश की गई थी। इसका नाम असीम उमर है और हामिद इससे दो बार मिल चुके हैं। हामिद की मानें तो उमर ने हामिद को उसकी 'स्टोरी' को टीवी चैनल पर दिखाने की मंजूरी भी दी थी।
हामिद का यह दावा अल कायदा के उस वीडियो को भी कहीं न कहीं सच साबित करता है जिसमें उसकी ओर से देश में अपनी नई शाखा शुरू करने की बात कही गई थी।
इंटेलीजेंस एजेंसियों की बात निकली सच
हामिद की मुलाकात उमर से वर्ष 2005 में अफगानिस्तान के गजनी प्रांत में हुई थी। इसके बाद जब दूसरी मुलाकात में उसने मीर को हमले की साजिश में उसका साथ देने के लिए कहा तो मीर ने साफ इंकार कर दिया।
आपको बता दें कि इंटेलीजेंस एजेंसियों की ओर से भी इस बात की आशंका जताई गई थी कि अलकायदा भारतीय उपमहाद्वीप में किसी भारतीय को अपना प्रमुख बना सकती है। वहीं हामिद मीर पाक के ऐसे पत्रकार हैं जो तालिबान के निशाने पर हैं और उन पर कुछ माह पहले हमला भी हुआ था।
अल कायदा ने सितंबर माह की शुरुआत में एक वीडियो जारी किया था। इस वीडियो में अल कायदा प्रमुख अयमान अल जवाहिरी की ओर से इस बात का ऐलान भी किया गया था कि भारत में उसके एक नए आतंकी संगठन की शुरुआत होने वाली है जो भारत में नए तरह से हमलों को अंजाम देगा।
मुसलमान है इसलिए बना प्रमुख
हामिद के शब्दों में, 'असीम उमर एक भारतीय मुसलमान है। सिर्फ इसी एक योग्यता के बल पर अलकायदा ने उसे यहां का प्रमुख बनाया है। वह अल कायदा के दक्षिण एशिया क्षेत्र को आगे बढ़ाने का काम कर रहा है।'
हामिद के मुताबिक जब वह पहली बार असीम से मिले तो उसने हामिद से कहा कि उन्हें डरने की कोई जरूरत नहीं है। बल्कि वह उन्हें एक खास स्टोरी देंगे। हामिद ने पूछा कि यह किस तरह की स्टोरी है। इस पर उन्हें जवाब मिला कि ऐसी जो उन्हें आज से पहले कभी नहीं नहीं मिली होगी लेकिन आज पहली बार उन्हें मिलेगी।
फिलहाल हामिद का यह खुलासा इंटेलीजेंस एजेंसियों की नींद उड़ाने को काफी है और साथ ही इस बात की पुष्टि भी करता है कि भारत से अल कायदा में कई युवक पहले ही शामिल हो चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications