भारत ने ढेर किया पाकिस्तानी लड़ाकू विमान F-16, तीन किमी अंदर जाकर मारा
भारत की सीमा में घुसने वाले पाकिस्तानी वायु सेना के लड़ाकू विमान F-16 को भारतीय वायुसेना ने मार गिराया है।
Recommended Video

नई दिल्ली। पाकिस्तान के बालाकोट इलाके में एयर स्ट्राइक (Air Strike) करने के अगले ही दिन भारतीय वायुसेना (India Air Force) ने अपनी सीमा में घुसपैठ करने वाले पाकिस्तानी वायुसेना के लड़ाकू विमान F-16 को मार गिराया है। न्यूज एजेंसी एएनआई से मिल रही जानकारी के मुताबिक पाकिस्तान के दो एफ-16 विमान भारत के हवाई क्षेत्र में घुसे थे। इसके बाद भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देते हुए पहले इन दोनों विमानों को अपनी सीमा से बाहर खदेड़ा और इसके बाद F-16 विमान को मार गिराया। बताया जा रहा है कि भारत ने नौशेरा सेक्टर में पाकिस्तानी क्षेत्र के 3 किलोमीटर अंदर जाकर इस विमान को मार गिराया है। हालांकि अभी इस विमान के पायलटों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।

भारतीय सीमा में घुसे दो पाकिस्तानी F-16
आपको बता दें कि बुधवार सुबह पाकिस्तान एयरफोर्स के दो F-16 विमान भारतीय सीमा में घुस आए। पाकिस्तानी विमानों ने जम्मू-कश्मीर के नौशेरा सेक्टर में हवाई सीमा उल्लंघन करते हुए घुसपैठ की। इसके बाद जवाबी कार्रवाई के तौर पर भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तानी विमानों को अपनी सीमा से बाहर खदेड़ दिया। भागते समय पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने भारतीय सीमा में बम भी गिराए। हालांकि इससे किसी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं है। इसके बाद भारतीयु वायुसेना ने इनमें से एक विमान को पाकिस्तान की सीमा में तीन किलोमीटर अंदर जाकर मार गिराया। खबर है कि पाकिस्तानी एफ-16 के पास पैराशूट भी देखा गया।

देश के 5 एयरपोर्ट हाई अलर्ट पर
भारतीय सेना के एक अधिकारी ने बताया, 'आज सुबह पाकिस्तान के लड़ाकू विमानों के भारतीय वायु सीमा क्षेत्र में घुसने की घटना हुई। उन्हें तत्काल भारतीय वायुसेना ने एयर पट्रोलिंग के दौरान भगा दिया। इस घटना में अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। उत्तर भारत के सभी एयरबेस को हाई अलर्ट पर रखा गया है।' इस दौरान एहतियात के तौर पर जम्मू, श्रीनगर, लेह, पठानकोट और अमृतसर एयरपोर्ट को हाई अलर्ट पर रखा गया है, जिनमें से श्रीनगर और अमृतसर एयरपोर्ट पर हवाई संचालन फिलहाल रोक दिया गया है। दूसरी तरफ खबर है कि पाकिस्तान ने भी लाहौर, मुल्तान, फैसलाबाद, सियालकोट और इस्लामाबाद हवाई अड्डों से अपनी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को तुरंत रोक दिया है।

आतंकी ठिकानों पर गिराए 1000 किलो बम
आपको बता दें कि मंगलवार को तड़के भारतीय वायुसेना के मिराज विमानों ने पाकिस्तान के बालाकोट इलाके में जाकर आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया था। इस दौरान वायुसेना के 12 मिराज विमानों ने जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी ठिकानों पर करीब 1000 किलो बम गिराए। वायुसेना की इस कार्रवाई में बड़ी संख्या में आतंकियों के मारे जाने की बात कही जा रही है। आतंकी ठिकानों को नेस्तानाबूद करने के बाद भारतीय वायुसेना के विमान अपनी सीमा में सुरक्षित वापस लौट आए। भारत की इस कार्रवाई से बौखलाए पाकिस्तान ने धमकी दी थी कि वह भी इस हमले का जवाब देगा। वहीं भारत का कहना है कि यह कोई सैन्य कार्रवाई नहीं थी, बल्कि आत्मरक्षा में आतंकी ठिकानों पर किया गया हमला था।












Click it and Unblock the Notifications