पहलगाम हमला: पाकिस्तानी नागरिकों को भारत छोड़ने का आदेश, मेडिकल वीजा भी रद्द, इस दिन छोड़ना होगा देश
Pahalgam Terror Attack Pakistan Visa: पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने पाकिस्तानी नागरिकों के लिए वीजा सेवाओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि सभी पाकिस्तानी नागरिकों को भारत छोड़ना होगा क्योंकि 27 अप्रैल 2025 से उनके वीजा रद्द कर दिया गया है। मेडिकल वीजा भी सिर्फ 29 अप्रैल 2025 तक वैध रहेंगे। ये फैसला सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति द्वारा लिया गया है।
विदेश मंत्रालय ने गुरुवार (24 अप्रैल) को जारी बयान में कहा, ''भारत सरकार ने पाकिस्तानी नागरिकों को तत्काल प्रभाव से वीजा सेवाएं निलंबित करने का फैसला लिया है। भारत द्वारा पाकिस्तानी नागरिकों को जारी किए गए सभी मौजूदा वैध वीजा 27 अप्रैल 2025 से रद्द कर दिए गए हैं। पाकिस्तानी नागरिकों को जारी किए गए मेडिकल वीजा केवल 29 अप्रैल 2025 तक वैध होंगे। ऐसे में वर्तमान में भारत में मौजूद सभी पाकिस्तानी नागरिकों को संशोधित वीजा की अवधि समाप्त होने से पहले भारत छोड़ देना चाहिए।''

सरकार ने भारतीय नागरिकों को पाकिस्तान ना जाने की दी सख्त सलाह
विदेश मंत्रालय ने आगे कहा, ''भारतीय नागरिकों को पाकिस्तान की यात्रा करने से बचने की सख्त सलाह दी जाती है। वर्तमान में पाकिस्तान में मौजूद भारतीय नागरिकों को भी जल्द से जल्द भारत लौटने की सलाह दी जाती है।''
इससे पहले बुधवार 23 अप्रैल को भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ पांच दंडात्मक कार्रवाई की थी, जिसमें सिंधु जल संधि को स्थगित करना, अटारी सीमा पर चेक पोस्ट को बंद करना और उच्चायोगों की कुल संख्या में कटौती करना शामिल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति की बैठक में ये फैसले लिए गए थे।
Pahalgam terror attack: पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए 26 लोग
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों ने 26 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी, जिनमें अधिकतर पर्यटक थे। ये हमला 22 अप्रैल को दोपहर 2:30 बजे के आसपास हुआ। आतंकियों ने गोली मारने से पहले लोगों का धर्म पूछकर मारा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने आज बिहार दौरे के दौरान कहा है कि भारत इस नृशंस हमले के लिए जिम्मेदार आतंकवादियों का धरती के किसी भी कोने से खोज निकालेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "आज बिहार की धरती से मैं पूरी दुनिया से कहता हूं। भारत हर आतंकवादी और उसके समर्थकों की पहचान करेगा, उन्हें ढूंढेगा और उन्हें सजा देगा। हम उन्हें धरती के किसी भी कोने से खोज निकालेंगे। आतंकवादियों को सजा देना ही हमारा मकसद है।''












Click it and Unblock the Notifications