पहलगाम हमले के बाद एयरलाइनों की आपात सेवाएं, यात्रियों को टिकट, कैंसिलेशन और रिशेड्यूलिंग चार्ज में राहत
Pahalgam Attack Airlines Relief: श्रीनगर में बीते 22 अप्रैल को हुए विभत्स आतंकवादी हमले के बाद, देश की प्रमुख एयरलाइन कंपनियों ने तेजी से अपनी प्रतिक्रिया देते हुए बुधवार 23 अप्रैल को कुल 59 उड़ानों का संचालन किया।
इनमें से सात उड़ानें विशेष रूप से अतिरिक्त सेवाओं के लिए थीं, जिनका उद्देश्य न केवल आम यात्रियों को उनके गंतव्यों तक पहुंचाना था, बल्कि हमले में मारे गए पीड़ितों के शवों और उनके साथ आए 123 परिजनों को भी सुरक्षित रूप से घर पहुंचाना था।

बता दें कि मंगलवार को पहलगाम में हुए इस आतंकी हमले में कम से कम 28 लोग मारे गए जिनमें पर्यटक शामिल थे। इसको 2019 के पुलवामा हमले के बाद कश्मीर घाटी में सबसे बड़ा और घातक हमला माना जा रहा है। अटैक के बाद श्रीनगर से बड़ी संख्या में पर्यटकों के लौटने की संभावना को देखते हुए केंद्र सरकार और एयरलाइनों ने त्वरित कदम उठाए।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बताया कि श्रीनगर हवाई अड्डे से बुधवार को सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच कुल 20 उड़ानों में लगभग 3,337 यात्रियों को बाहर निकाला गया। इसके अलावा इंडिगो, एयर इंडिया और स्पाइसजेट ने सात अतिरिक्त उड़ानों का संचालन किया।
Pahalgam Attack Airlines Relief: किराए में वृद्धि पर रोक
कश्मीर से पर्यटकों की भारी आवाजाही के बीच टिकट की कीमतें आसमान छूने लगी थीं, कुछ वेबसाइटों पर श्रीनगर के लिए टिकट की कीमतें 50,000 रुपये से भी अधिक दिख रही थीं। इसे देखते हुए नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने एयरलाइनों को टिकट किराए में वृद्धि से बचने के सख्त निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि सभी उड़ानों की बुकिंग पर नजर रखी जा रही है ताकि किराए को सामान्य बनाए रखा जा सके।
एयर इंडिया ने भी कहा कि उसने श्रीनगर से दिल्ली और मुंबई के लिए अपनी उड़ानों के किराए को सीमित किया है। वहीं इंडिगो ने दावा किया कि उसने आपात स्थिति को ध्यान में रखते हुए किराए कम करने के उपाय किए हैं।एयर इंडिया ने यह भी स्पष्ट किया कि बुकिंग साइट्स पर दिखाई दे रही ऊंची कीमतों का कारण मल्टी-स्टॉप रूट्स या हाई केबिन क्लास हो सकते हैं जो कई अलग-अलग विकल्प प्रस्तुत करते हैं।
Airlines Relief: कैंसिलेशन और रिशेड्यूलिंग चार्ज में छूट
यात्रियों को राहत देने के लिए इंडिगो, स्पाइसजेट, अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस सहित अधिकांश एयरलाइनों ने कैंसिलेशन और रिशेड्यूलिंग फीस में छूट देने की घोषणा की है। अकासा एयर ने कहा कि 23 से 29 अप्रैल के बीच श्रीनगर से आने-जाने वाली उड़ानों के लिए बुकिंग कैंसिल करने पर यात्रियों को पूरा रिफंड दी जाएगा। वहीं एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 30 अप्रैल तक की बुकिंग्स पर किसी भी तरह के लगने वाले रीसिड्यूलिंग शुल्क और किराए के अंतर को माफ कर दिया है।
Pahalgam Attack के बाद यात्रियों की सहायता के लिए राहत सेवाएं
श्रीनगर एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुविधा और जानकारी के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। एयरपोर्ट के सिटी साइड पर दो छतरियों के साथ एक फ्लैट टेंट लगाया गया, जिसमें यात्रियों के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था की गई। वहां पर 1,200 से ज्यादा प्रतीक्षारत यात्रियों को भोजन, चाय, कुकीज़ और स्नैक्स प्रदान किए गए।
मंत्री नायडू ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से जानकारी दी कि पहले घोषित चार अतिरिक्त उड़ानों के अलावा, दिल्ली के लिए तीन और अतिरिक्त उड़ानें संचालित की जाएंगी - इनमें दो इंडिगो द्वारा और एक स्पाइसजेट द्वारा चलाई जाएंगी। उन्होंने यह भी बताया कि वह खुद स्थिति पर निगरानी रख रहे हैं और गृह मंत्रालय एवं एयरलाइन ऑपरेटरों के साथ लगातार संपर्क में हैं।
Pahalgam Attack Airlines Relief: DGCA की सलाह और पर्यटन क्षेत्र पर प्रभाव
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने भी एयरलाइनों को सलाह दी है कि वे मांग को देखते हुए अपनी उड़ानों की संख्या बढ़ाएं और फंसे हुए पर्यटकों को भारत के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचाने के लिए निर्बाध संपर्क सुनिश्चित करें।
ट्रैवल एजेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (TAFI) के अध्यक्ष अजय प्रकाश ने कहा कि इस हमले का अल्पकालिक प्रभाव जम्मू-कश्मीर के पर्यटन पर अवश्य पड़ेगा, लेकिन उन्होंने विश्वास जताया कि स्थिति में जल्द ही सुधार आएगा। उन्होंने कहा कि पर्यटन क्षेत्र के रूप में हम जम्मू-कश्मीर को समर्थन देना जारी रखेंगे।












Click it and Unblock the Notifications