'वो बड़े चौधरियों का क्लब है': INDIA alliance के लिए ओवैसी ने ऐसा क्यों बोला?- Video
हैदराबाद के सांसद और एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कांग्रेस और बीजेपी से अलग एक तीसरी सरकार के गठन की वकालत की है। उन्होंने साफ कहा है कि विपक्षी दलों का इंडिया गठबंधन विकल्प नहीं है।
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के नेता असदुद्दीन ओवैसी ने 26 विपक्षी पार्टियों के इंडिया गठबंधन पर अबतक का सबसे बड़ा तंज कसा है और इसे चौधरियों का क्लब बता दिया है। उन्होंने कहा है कि इस गठबंधन में सभ्रांत तरह के चौधरी बैठे हुए हैं।

देश को बीजेपी और कांग्रेस से अलग तीसरी सरकार चाहिए-ओवैसी
ओवैसी ने इंडिया गठबंधन को लेकर कहा है, 'वह विकल्प नहीं है। इस देश में करीब 50 साल कांग्रेस की सरकार रही और बीजेपी के भी अब करीब 18 वर्ष हो जाएंगे....इस देश को अब थर्ड सरकार की जरूरत है......जो कांग्रेस और बीजेपी से हटकर रहे, तभी सही मायने में हम इस देश का कुछ काम कर सकेंगे......।'
कांग्रेस की सरकार में यूएपीए मजबूत बना-ओवैसी
उन्होंने कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा है। वे बोले 'जब कांग्रेस की सरकार थी, तभी यूएपीए को मजबूत बनाया गया। कांग्रेस की सरकार में ही जगन मोहन रेड्डी को जेल में डाला गया।' उन्होंने कहा कि 'जुलाई 2019 में कांग्रेस ने ही यूएपीए कानून में लोकसभा, राज्यसभा में बीजेपी को समर्थन दिया, जिसकी वजह से भारत की कई जेलों में लोग तड़प रहे हैं, सड़ रहे हैं.....तीन-तीन, चार-चार साल से...बेल नहीं हो रही है उनकी।'
वो बड़े चौधरियों का क्लब है- ओवैसी
उन्होंने इंडिया गठबंधन पर जोरदार तंज कसते हुए आगे कहा कि 'हम अपनी लड़ाई लड़ेंगे.....वो बड़े चौधरियों का क्लब है....उसमें एलिट किस्म के चौधरी बैठे हैं। हमारा उससे क्या ताल्लुक? वो तो हमको गाली देते हैं.....वो तो हमको कुछ और समझते हैं....।'
ओवैसी ने इंडिया गठबंधन को विपक्षी दलों का गठबंधन बताए जाने पर सवाल किया कि उसमें तो मायावती की बीएसपी नहीं है, केसीआर की भारत राष्ट्र समिति नहीं है, असम और राजस्थान की कई पार्टियां नहीं हैं।
गौरतलब है कि इस महीने के अंत में इंडिया गठबंधन की तीसरी बैठक मुंबई में होने जा रही है। लेकिन, देश के विभिन्न हिस्सों में सत्ताधारी क्षेत्रीय दलों को अपने साथ जोड़ने में यह गठबंधन अबतक नाकाम रहा है। इसी को लेकर ओवैसी को उसपर निशाना साधने का मौका मिला है।












Click it and Unblock the Notifications