EPFO के 6 करोड़ सदस्यों को 2018-19 के लिए मिलेगा 8.65% ब्याज- संतोष गंगवार
नई दिल्ली: केंद्रीय श्रम मंत्री संतोष गंगवार ने मंगलवार को बताया कि कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के छह करोड़ से अधिक खाता धारकों को साल 2018-19 के लिए उनकी भविष्य निधि जमा (पीएफ) पर 8.65 फीसदी की दर से ब्याज दिया जायेगा। गंगवार ने यहां एक कार्यक्रम से अलग संवाददाताओं से कहा कि ये त्यौहार से पहले की सौगात है।पीएफओ के छह करोड़ से अधिक सदस्यों को 2018-19 के लिए 8.65 प्रतिशत की दर से ब्याज दिया जायेगा। फरवरी में तीन साल के बाद पहली बार ईपीएफ पर ब्याज दरें बढ़ाने का फैसला किया गया था।

गौरतलब है कि पीएफओ के लिए निर्णय लेने वाले शीर्ष निकाय केंद्रीय न्यासी बोर्ड ने इस साल चुनाव से पहले फरवरी में बीते वित्त वर्ष के लिए अपने सक्रिय 6 करोड़ ईपीएफओ सदस्यों के लिए 8.65 प्रतिशत की दर से ब्याज देने की अनुमति दी थी। बाद में इस प्रस्ताव को वित्त मंत्रालय की मंजूरी के लिए भेजा गया। बीते वित्त वर्ष में ये 8.55 फीसदी थी। ईपीएफओ के ब्याज दर की अधिसूचना में देरी को लेकर उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री इन दिनों व्यस्त हैं। उनके पास फाइल गई है। वो इस पर असहमत नहीं हैं। उन्होंने कहा कि ये कुछ दिनों में हो जाएगा।
ईपीएफओ सदस्यों के लिए 8.65 प्रतिशत की दर से ब्याज देने पर 151.67 करोड़ का अतिरिक्त खर्च आने का अनुमान है। परपंरा के अनुसार हर साल वित्त मंत्रालय सीबीटी के जरिए की गई ईपीएफ ब्याज दरों की सिफारिश की पुष्टि करता है और बाद में श्रम मंत्रालय इसकी अधिसूचना देता है।












Click it and Unblock the Notifications