लोकसभा में सरकार के खिलाफ आज अविश्वास प्रस्ताव लाएंगे विपक्षी दल
No-Confidence Motion Against Government: संसद का मानसून सत्र चल रहा है। मणिपुर पर चर्चा के लिए संसद में चार दिनों से गतिरोध जारी है। इस बीच विपक्षी दलों ने लोकसभा में आज यानी बुधवार को सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाएंगे।
संसद में मंगलवार को भी मणिपुर मुद्दे को लेकर जमकर हंगामा हुआ। लोकसभा और राज्यसभा में विपक्ष ने मणिपुर पर पीएम मोदी के बयान की मांग को लेकर नारेबाजी की। लोकसभा में सांसदों ने सदन में जमकर नारेबाजी की।

राज्यसभा में भी मणिपुर मुद्दे को लेकर गतिरोध जारी रहा। राज्यसभा से पूरे सत्र के लिए सस्पेंड किए गए आप सांसद संजय सिंह महात्मा गांधी प्रतिमा के सामने विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि अविश्वास प्रस्ताव का ड्राफ्ट तैयार कर लिया गया है। विपक्षी दल कल इसे सदन में रखेंगे। इस बीच गृहमंत्री अमित शाह ने संसद में जारी गतिरोध को लेकर मल्लिकार्जुन खड़गे और अधीर रंजन चौधरी को पत्र लिखा है। उन्होंने मणिपुर पर चर्चा करने की बात कही है। शाह ने इस दौरान लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से भी मुलाकात की है।
विपक्षी दलों के बीच इस मुद्दे पर आम सहमति बन गई है और कम से कम 50 सदस्यों के हस्ताक्षर लेने के लिए हस्ताक्षर अभियान पहले से ही चल रहा है। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने जानकारी दी कि विपक्षी दल कल सरकार के खिलाफ लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव लाएंगे।
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि हम सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव ला रहे हैं। क्योंकि सरकार के ऊपर लोगों का भरोसा टूट रहा है। हम चाहते थे कि प्रधानमंत्री मोदी मणिपुर पर बोलें, लेकिन पीएम बात नहीं सुनते। वे सदन के बाहर कुछ बात करते हैं और यहां इनकार करते हैं। हमने बार-बार उनका ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की, लेकिन सब विफल रहा, इसलिए हमें अविश्वास प्रस्ताव लाना सही लगता है।












Click it and Unblock the Notifications