कल से बदली ताजमहल की टाइमिंग, अब उगते सूरज के साथ हो सकेगा दीदार
आगरा। विश्व प्रसिद्ध इमारत ताज महल को देखने का समय अब बदल दिया गया है। कल (25 जनवरी) से ताज महल सूर्योदय से आधा घंटा पहले खोला जाएगा। वहीं शाम को सूर्यास्त के आधा घंटा पहले एंट्री बंद कर दी जाएगी। इसका आशय का आदेश जारी किया गया है। पर्यटक अब सूर्योदय के साथ ही ताज का दीदार कर सकेंगे। बता दें कि यहां आने वाले पर्यटक इसकी बड़े समय से मांग कर रहे थे। अपने एक आदेश में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने कहा है कि 17वीं शताब्दी की धरोहर की प्राकृतिक प्रकाश में सुरक्षा जांच के लिए इसे 25 जनवरी से आधे घंटे पहले खोला और आधे घंटे पहले बंद किया जाएगा। वहीं इस बात पर भी विचार किया जा रहा है कि आने वाले समय में 15 साल की उम्र से कम के बच्चों समेत सिर्फ 40,000 पर्यटकों को ही ताज में प्रवेश करने की अनुमति दी जाए। संभावना है कि यह आदेश अगले महीने आ सकता है। इसके साथ ही टिकट के दरों में बदलाव की संभावना जताई जा रही है।

हाई लेवल मीटिंग हुई थी
बता दें कि इसी महीने 2 जनवरी को दिल्ली में एक हाई लेवल मीटिंग हुई थी, जिसमें ये फैसला लिया गया है कि आने वाले 20 जनवरी से ताजमहल देखने वाले भारतीय टूरिस्टों के लिए समय सीमा तय कर दी जाएगी। दिल्ली में ये हाई लेवल मीटिंग सीनियर ब्यूरोक्रेट्स, एएसआई के अधिकारियों, पुलिस और पैरामिलिटरी अधिकारियों के बीच हुई थी।

पर्यटन को ध्यान में रखकर लिया गया फैसला
कुछ सूत्रों का कहना है कि इस मीटिंग में ये फैसला पर्यटन को ध्यान में रखकर लिया गया है। सूत्रों से पता चला है कि 40 हजार की संख्या में बच्चों की भी गिनती की जाएगी और 15 साल से कम बच्चों को जीरो चार्ज टिकट दिया जाएगा। बता दें, फिलहाल ताजमहल के दीदार के लिए 15 साल से कम उम्र के बच्चों का कोई टिकट नहीं लेना पड़ता है।

पूरा ताजमहल घूमने के लिए 100 रुपये का टिकट
हाई लेवल मीटिंग में ये भी तय हुआ था कि जो भी पूरे ताजमहल में घूमना चाहते हैं उन्हें 100 रुपये का टिकट देना होगा। फिलहाल 40 रुपये का टिकट लिया जाता है। जो लोग ताजमहल में बने तहखाने को नहीं देखना चाहते हैं उन्हें 50 रुपये का टिकट देना होगा। ताजमहल देखनने के लिए भारतीयों को 100 रुपये देना होगा तो वहीं विदेशी पर्यटकों के लिए 1000 रुपये का टिकट होगा। सुबह से दोपहर के 12 बजे तक बीस हजार लोग ताजमहल देख सकेंगे, वहीं 12 बजे से शाम तक 20 हजार लोग ताज का दीदार करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications