दिल्ली में पिछले 24 घंटों में सिर्फ 28 नए केस, एक्टिव केसों की संख्या सिर्फ 337
नई दिल्ली, 14 अक्टूबर: देश में कोरोना वायरस का संक्रमण अब भी है, लेकिन अब अप्रैल-मई की तुलना में हालात काफी ज्यादा सुधर गए हैं। अप्रैल के अंत में जहां राजधानी में अस्पताल फुल थे, तो वहीं अब वहां एक्टिव केस की संख्या सिर्फ 337 ही है। इसके अलावा पिछले 24 घंटों में 28 नए केस सामने आए, जबकि 29 मरीज रिकवर हुए। खास बात तो ये रही कि किसी भी मरीज की जान वायरस की वजह से नहीं गई।

दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक नए कोरोना केसों की संख्या 28 है। विभाग ने पिछले 24 घंटों में 61012 टेस्ट किए थे। ऐसे में देखा जाए तो पॉजिटिविटी रेट 0.05 प्रतिशत है। वहीं दिल्ली के अस्पतालों में कुल 12600 बेड हैं, जिसमें से 207 पर मरीज हैं, बाकि 12393 बेड खाली हैं। डेडिकेटेड कोविड केयर सेंटर में 3871 बेड थे, जिसमें से सिर्फ 3 पर ही मरीज है। वहीं कुल एक्टिव केस में से 99 मरीज होम आइसोलेशन में हैं।
क्या है देश का हाल?
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के गुरुवार के आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों के भीतर देश में कोरोना वायरस के 18,987 नए मरीज मिले हैं, जबकि 19,808 मरीजों की रिकवरी हुई। बीते एक दिन में कोरोना से 246 लोगों की मौत भी हुई है। ऐसे में देश में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या 2,06,586 है, जबकि मौत का आंकड़ा 4,51,435 हो गया। देश में वैक्सीनेशन आंकड़े की बात करें तो 96,82,20,997 वैक्सीन डोज लगाई है। इसमें बीते 24 घंटे में 35,66,347 वैक्सीन डोज लगी है।












Click it and Unblock the Notifications