लोकसभा में अभी केवल 2 मुस्मिल महिला सांसद, दोनों ने BJP को हराया, जानिए कौन हैं?
Muslim Women MPs In Lok Sabha: महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में 33 फीसदी आरक्षण देने के लिए लाया गया 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' लोकसभा के बाद गुरुवार को राज्यसभा में भी पास हो गया। लोकसभा में इस बिल के विरोध में दो वोट पड़े थे, लेकिन राज्यसभा में बिल पूर्ण समर्थन के साथ पास हुआ। अब बिल को हस्ताक्षर के लिए राष्ट्रपति के पास भेजा जाएगा।
लोकसभा में महिला आरक्षण बिल के विरोध में वोट करने वाले एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी और इम्तियाज जलील का कहना था कि इसमें मुस्लिम महिलाओं के लिए भी आरक्षण का प्रावधान होना चाहिए, वरना मुस्लिम महिलाओं को मौका नहीं मिलेगा।

ऐसे में आइए जानते हैं कि वर्तमान लोकसभा में कितनी मुस्लिम महिला सांसद हैं और वो किस-किस सीट से चुनाव जीती थीं। 2019 के आम चुनाव में केवल दो मुस्लिम महिलाएं चुनाव जीतकर लोकसभा पहुंच पाईं। ये दोनों ही महिलाएं टीएमसी के टिकट पर जीती थीं, इनमें से एक हैं- नुसरत जहां और दूसरी साजदा अहमद।
सायंतन बसु को हराकर संसद पहुंची नुसरत जहां
नुसरत जहां को टीएमसी ने पश्चिम बंगाल की बशीरहाट लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा और यहां उन्होंने भाजपा के उम्मीदवार सायंतन बसु को 3,50,369 वोटों से हराया। नुसरत जहां को 782,078 और सायंतन बसु को 4,31,709 वोट मिले थे। वहीं, कांग्रेस के काजी अब्दुर रहीम महज 1,04,183 वोट ही हासिल कर पाए। आपको बता दें कि महिला आरक्षण बिल पर टीएमसी ने समर्थन दिया है, लेकिन बिल को लेकर केंद्र सरकार की मंशा पर सवाल उठाए हैं।
साजदा अहमद ने जॉय बनर्जी को हराया
लोकसभा में पहुंचने वालीं दूसरी मुस्लिम महिला सांसद साजदा अहमद हैं। साजदा अहमद पश्चिम बंगाल की उलुबेरिया लोकसभा सीट से टीएमसी के टिकट पर चुनाव जीतीं और उन्होंने भाजपा उम्मीदवार जॉय बनर्जी को 2,15,359 वोटों से हराया। इस सीट पर साजदा अहमद को 6,94,945 और जॉय बनर्जी को 4,79,586 वोट मिले। 81,314 वोट हासिल कर सीपीआई (एम) की उम्मीदवार मकसुदा खातून तीसरे और 27,568 वोट पाकर कांग्रेस की शोमा रानीश्री रॉय चौथे नंबर पर रहीं।












Click it and Unblock the Notifications