अग्निपथ योजना: सिकंदराबाद में विरोध प्रदर्शन के दौरान फायरिंग, एक की मौत, 8 घायल- रिपोर्ट
केंद्र सरकार की 'अग्निपथ योजना' के विरोध में युवा सड़क पर उतर आए हैं। देश के कई राज्यों में इसका विरोध किया जा रहा है।
नई दिल्ली, 17 जून : केंद्र सरकार की 'अग्निपथ योजना' के विरोध में युवा सड़क पर उतर आए हैं। देश के कई राज्यों में इसका विरोध किया जा रहा है। हिंदुस्तान टाइम्स की खबर के मुताबिक, शुक्रवार को सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन पर गुस्साई भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस द्वारा की गई फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

घायलों को सिकंदराबाद के गांधी अस्पताल ले जाया गया है। सेना भर्ती परीक्षाओं के इच्छुक सैकड़ों उम्मीदवारों ने तेलंगाना के मुख्य रेलवे स्टेशन में तोड़फोड़ की। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि जीआरपी बलों को लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले दागने के बाद गुस्साई भीड़ पर गोलियां चलाने के लिए मजबूर होना पड़ा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जीआरपी बलों ने करीब 15 राउंड फायरिंग की।
पथराव में पुलिस भी घायल
पथराव में दो पुलिस कांस्टेबल भी घायल हो गए। रेलवे के डीजी संदीप शांडिल्य और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रदर्शनकारियों ने पथराव कर एक ट्रेन की दो बोगियों में आग लगा दी, साथ ही रेलवे की अन्य संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचाया है। भीड़ ने रेलवे स्टेशन के बाहर राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में भी तोड़फोड़ की, जिससे दक्षिण-मध्य रेलवे अधिकारियों को स्टेशन में प्रवेश करने वाली सभी ट्रेनों को तुरंत रोकना पड़ा।
कई यात्री भी घायल
पुलिस के अनुसार, सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने रेलवे स्टेशन पर धावा बोल दिया और प्लेटफॉर्म नंबर-1 और 2 पर स्टॉल और कार्यालयों में तोड़फोड़ की। साथ ही खड़ी ट्रेनों पर भी पथराव किया, जिससे यात्रियों को अपने बचाव के लिए भागना पड़ा। इस घटना में कुछ यात्री घायल भी हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications