अरविंद केजरीवाल के रोड शो में फिर से हुआ हंगामा, लोगों ने किया प्रदर्शन
नई दिल्ली। चुनावी मौसम में तमाम राजनीतिक दल मतदाताओं को लुभाने के लिए रोड शो कर रहे हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी बुधवार को रोड शो का आयोजन किया, लेकिन जब यह रोड शो मुबारकपुर पहुंचा तो यहां पर हंगामा हो गया। तमाम लोगों ने अपनी समस्याओं को लेकर अरविंद केजरीवाल के काफिले को रोक दिया। वहीं जब सुरक्षाकर्मियों ने इन लोगों को हटाने की कोशिश की तो लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया।

जानकारी के अनुसार यहां प्रदर्शन कर रहे लोग अरविंद केजरीवाल से मांग कर रहे थे कि कैट्स से ठेकेदारी को खत्म किया जाए। अपनी इसी मांग को लेकर लोगों ने अरविंद केजरीवाल के काफिले को रोक दिया और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे। यह पहला मौका नहीं है जब अरविंद केजरीवाल को लोगों की नाराजगी का सामना करना पड़ा है। इससे पहले भी केजरीवाल के रोड शो में हंगामा हो चुका है। इससे पहले केजरीवाल को एक युवक ने थप्पड़ मार दिया था।
लोकसभा चुनाव से जुड़ी हर खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
शनिवार को अरविंद केजरीवाल जब मोदी नगर में एक रोड शो कर रहे थे, इसी दौरान एक व्यक्ति ने उन्हें थप्पड़ जड़ दिया था। जिसके बाद आरोपी युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। जानकारी के अनुसार जिस व्यक्ति ने केजरीवाल को थप्पड़ मारा था उसका नाम सुरेश है, वह कैलाश पार्क का निवासी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करके इसकी जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि 12 मई को दिल्ली की सभी सात लोकसभा सीटों पर मतदान होगा। पिछले लोकसभा चुनाव में दिल्ली की सभी सात सीटों पर भारतीय जनता पार्टी ने जीत दर्ज की थी। लेकिन इस बार कांग्रेस और आम आदमी पार्टी भाजपा के सामने कड़ी चुनौती पेश कर रही हैं। चुनाव के नतीजों को 23 मई को घोषित किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications