कब सुधरेगा पाकिस्तान? पाकिस्तानी सेना प्रमुख ने बुरहान को फिर से बताया शहीद
हिजबुल कमांडर बुरहान वानी की मौत की पहली बरसी पर श्रद्धांजलि देते हुए बाजवा ने कहा है कि बुरहान की शहादत कश्मीर में भारत के अत्याचार की गवाही देता है।
नई दिल्ली। पाकिस्तानी सेना अपनी आदत से बाज नहीं आने वाली है। पाकिस्तान सेना प्रमुख कमर जावेद बाजवा ने एक बार फिर से हिजबुल कमांडर बुरहान वानी को शहीद बताया है और कहा है कि बुरहान वानी का बलिदान बेकार नहीं जाएगा।

हिजबुल कमांडर बुरहान वानी की मौत की पहली बरसी पर श्रद्धांजलि देते हुए बाजवा ने कहा है कि बुरहान की शहादत कश्मीर में भारत के अत्याचार की गवाही देती है। साथ ही बाजवा ने कहा है कि कश्मीर के लोगों के पास आत्म-निर्णय का अधिकार है उनको इस अधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता। गौरतलब है कि 8 मई, 2016 को घाटी में सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में हिज्बुल आतंकी बुरहान मारा गया था। उसकी मौत के बाद वहां हिंसा भड़क उठी थी और महीनों तक घाटी का माहौल खराब रहा था।
वहीं बुरहान वानी की मौत की पहली बरसी पर पाक अधिकृत कश्मीर के प्रधानमंत्री राजा हैदर ने भी श्रद्धांजलि दी और कश्मीर की आजादी का राग अलापा। आपको बता दें कि जब आतंकी बुरहान वानी मारा गया था तब भी पाकिस्तान के उसको आजादी का हीरो बताने की कोशिश की थी। सोशल मीडिया पर बुरहान वानी को लेकर तरह-तरह के प्रचार किए गए थे।
हिजबुल मुजाहिदीन के कमांडर बुरहान वानी की पुलिस एनकाउंटर में मौत के एक साल पूरे होने पर कश्मीर में हड़ताल है। ये हड़ताल हुर्रियत कॉन्फेंस और जिहाद काउन्सिल की अपील पर हुई है। प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। श्रीनगर और दक्षिण कश्मीर में कर्फ्यू और धारा 144 लागू किया गया है। बुरहान वानी के इलाके त्राल और आसपास के गांवों में पुलिस और सीमा सुरक्षा बलों का कड़ा पहरा है। हुर्रियत के सभी बड़े नेताओं को पहले से ही उनके घरों में नजरबंद कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications