Omicron India: 27 नवंबर को ही दो में से एक मरीज छोड़ चुका है भारत, जानिए उसकी पूरी ट्रैवल हिस्ट्री
बेंगलुरु, 2 दिसंबर: भारत में गुरुवार को ही कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वेरिएंट के दो मामलों की पुष्टि हुई है। दोनों केस कर्नाटक में मिले हैं, जिसमें एक व्यक्ति 66 साल का और दूसरा 46 साल का है। लेकिन, अब जानकारी आ रही है कि 66 साल वाला शख्स 20 नवंबर को दुबई के रास्ते दक्षिण अफ्रीका से बेंगलुरु आया था। सात दिन होटल में रहा और फिर वापस दुबई चला गया। उसकी जीनोम सिक्वेंसिंग रिपोर्ट आने के बाद उसके ओमिक्रॉन कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। बता दें कि ओमिक्रॉन कोरोना वायरस अबतक 30 देशों में दस्तक दे चुका है और इसके कम से कम 375 मामले सामने आ चुके हैं।

भारत का पहला ओमिक्रॉन मरीज विदेश लौटा
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने गुरुवार को ही मीडिया को जानकारी दी है कि भारत में भी ओमिक्रॉन कोरोना वायरस के दो मामलों की पुष्टि हुई है। हालांकि, उन्होंने दोनों मरीजों की निजता की वजह से उनकी पहचान नहीं जाहिर की। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों मरीजों के संपर्क में आए सभी संपर्कों का पता लगा लिया गया है और उनकी जांच भी करा ली गई है। लेकिन, अब पता चल रहा है कि दो मरीजों में से एक जिसकी उम्र 66 साल की थी, वह 6 दिन पहले भी भारत से दुबई जा चुका है। वह 20 नवंबर को ही दक्षिण अफ्रीका से भारत आया था और 27 तारीख को दुबई जा चुका है।

20 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका से आया था भारत
बेंगलुरु नगर निगम यानी बृहत बेंगलरु महानगर पालिके (बीबीएमपी) के मुताबिक वह मरीज कोविड-19 की निगेटिव टेस्ट रिपोर्ट के साथ शहर के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा था। उसे कोविड वैक्सीन की दोनों डोज भी लगी हुई थी। वह सात दिनों तक शहर के एक होटल में रहा। बीबीएमपी के रिकॉर्ड के मुताबिक 66 साल के उस व्यक्ति का सैंपल 20 नवंर को एयरपोर्ट पर ही लिया गया था। वह दक्षिण अफ्रीका से दुबई होते हुए निगेटिव टेस्ट रिपोर्ट के साथ बेंगलुरु आया था और कैम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ही उसकी स्कीनिंग की गई। उसी दिन वह होटल में गया और उसकी टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई। डॉक्टरों ने होटल जाकर उसे देखा और उसे असिम्पटोमेटिक पाया। उसे होटल में ही आइसोलेशन में रहने को कहा गया।

भारत में उसके सभी कॉन्टैक्ट निगेटिव
क्योंकि, वह 'जोखिम वाले देश' से आया था, इसलिए उसका फिर से सैंपल लिया गया और 22 नवंबर को उस सैंपल को बीबीएमपी के जरिए जीनोमिक सिक्वेंसिंग के लिए भेजा गया। इस बीच मरीज ने एक प्राइवेट लैब में भी 23 नवंबर को खुद से कोरोना जांच करवाया और वह रिपोर्ट निगेटिव आई। उसके सभी 24 प्राइमरी कॉन्टैक्ट को असिम्पटोमेटिक पाया गया और सबकी जांच हुई और रिपोर्ट निगेटिव थे। 22 और 23 नवंबर को यूपीएचसी की टीम ने 240 सेकंडरी कॉन्टैक्ट के भी सैंपल लिए और सभी टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आए। 27 नवंबर को आधी रात उसने होटल से चेकआउट किया और कैब से एयरपोर्ट चला गया। वह यहां से दुबई चला गया।

30 देशों तक पहुंचा ओमिक्रॉन कोरोना वायरस
ओमिक्रॉन कोरोना वायरस के मामले जिन देशों में आ चुके हैं, उनमें भारत, दक्षिण अफ्रीका, बोत्सवाना, नीदरलैंड, हॉन्ग कॉन्ग, इजरायल, बेल्जियम, यूनाइटेड किंगडम, जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया, इटली, चेकिया, डेनमार्क, ऑस्ट्रिया, कनाडा, स्वीडन, स्विटडरलैंड, स्पेन, पुर्तगाल, जापान, फ्रांस, घाना, दक्षिण कोरिया, ब्राजील, नॉर्वे, अमेरिका, सऊदी अरब, आयरलैंड, संयुक्त अरब अमीरात।












Click it and Unblock the Notifications