'कारगिल में चीन को तो रोक नहीं पाए, हमें कहते हो मत जाओ, इतना डर क्यों...', उमर अब्दुल्ला का केंद्र पर तंज
'कारगिल में चीन को तो रोक नहीं पाए, हमें कहते हो मत जाओ, इतना डर क्यों...', उमर अब्दुल्ला का केंद्र पर तंज
Omar Abdullah News: नेशनल कांफ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को केंद्र पर तंज कसते हुए कहा कि सरकार चीन को रोक नहीं सकती, लेकिन उन्हें कारगिल जाने से रोक रही है। कारगिल में स्थानीय निवासियों के साथ बातचीत करते हुए उमर अब्दुल्ला ने सवाल किया कि उन्हें कारगिल नहीं जाने के लिए क्यों कहा गया है। उमर अब्दुल्ला बोले, ''इतना क्या डर है? वहां तो चीन आ गई, आप कारगिल में चीन को तो रोक नहीं पाए, हमें श्रीनगर से कारगिल होकर द्रास जाना था तो आप मुझे कहते हैं, मत जाओ।''

इससे पहले उमर अब्दुल्ला ने आरोप लगाया था कि उन्हें द्रास में कार्यकर्ताओं के समारोह में माइक का उपयोग करने की अनुमति नहीं दी गई थी। उमर अब्दुल्ला ने भी कहा है कि द्रास के डाक बंगले में भी उन्हें नहीं रहने दिया गया था। उमर अब्दुल्ला ने कहा था,'' हमारे छोटे कार्यकर्ताओं की बैठक से माइक भी हटा लिया गया था। डाक बंगले को सील कर दिया गया था, मुझे जाने नहीं दिया गया। असल में सब डिविजनल मजिस्ट्रेट व्यक्तिगत रूप से हमारी गतिविधियों की निगरानी कर रहे थे। वह हमारी बैठक के ठीक बगल में तैनात थे।''
उमर अब्दुल्ला ने भी सवाल किया कि अगर सरकार क्षेत्र के लोगों की मांगों को सुन रही है तो कारगिल की उनकी यात्रा को लेकर सरकार 'अस्थिर' क्यों है। बता दें कि 5 अगस्त 2019 को लद्दाख को एक अलग केंद्र शासित बनाया गया और अनुच्छेद 370 को निरस्त कर दिया। उस वक्त से जम्मू-कश्मीर के सारे बड़े नेताओं को कुछ महीनों के लिए नजरबंद किया गया था। उस वक्त से ही उमर अब्दुल्ला केंद्र सरकार पर हमलावर हैं।












Click it and Unblock the Notifications