Oi Exclusive: सांसद चंद्रशेखर ने खिलौने की तरह मेरा और कई लड़कियों का इस्तेमाल किया, रोहिणी घवारी ने लगाए आरोप
Oi Exclusive: उत्तर प्रदेश के नगीना से सांसद और भीम आर्मी के संस्थापक (आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम)) चंद्रशेखर आज़ाद (रावण) एक बार फिर विवादों में हैं। इंदौर की रहने वाली और स्विट्जरलैंड से पीएचडी कर रहीं डॉ. रोहिणी घावरी ने उन पर मानसिक और भावनात्मक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। रोहिणी ने दावा किया चंद्रशेखर ने उनसे अपनी शादी को छुपाकर रिश्ता रखा। वनइंडिया हिंदी के साथ एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में रोहिणी ने कई और आरोप चंद्रशेखर पर लगाए हैं। वनइंडिया हिंदी के चीफ सब एडिटर सिद्धार्थ पुरोहित ने रोहिणी से भी कई सवाल पूछे तो उन्होंने कई दावे किए।
चंद्रशेखर आज़ाद पर रोहिणी के आरोप
रोहिणी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी आपबीती साझा करते हुए एक लंबा पोस्ट लिखा जिसमें उन्होंने चंद्रशेखर के साथ अपने कथित निजी संबंधों का खुलासा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि 'चंद्रशेखर ने उन्हें प्यार में फंसाने के बाद, उनकी जवानी बर्बाद कर दी और जब शादी की बात आई तो उन्हें छोड़ दिया'।

दिल्ली आने पर होती थी मुलाकात- रोहिणी
रोहिणी घावरी ने बातचीत में बताया कि जब भी वह स्विट्जरलैंड से भारत आती थीं तो चंद्रशेखर उन्हें दिल्ली के एयरपोर्ट पर रिसीव करने के लिए इंतजार करते रहते थे। इसके बाद वह दोनों निजी पल बिताने के लिए दिल्ली में एक-दो दिन गुजारते थे। रोहिणी ने यह भी बताया कि वह चंद्रशेखर के दिल्ली स्थित घर पर भी गई हैं। हालांकि जब रोहिणी से पूछा कि क्या चंद्रशेखर कभी स्विट्जरलैंड आए हैं, तो इस पर रोहिणी ने इनकार भी किया।
चुनाव हारने पर स्विट्जरलैंड आने वाले थे वह- रोहिणी
बकौल रोहिणी, चंद्रशेखर रावण को अपनी हार को लेकर भी चिंता थी। जिस पर रोहिणी ने पूरा साथ देने का वादा किया था। रोहिणी ने कहा कि 'अगर चंद्रशेखर जी चुनाव हार जाते तो फिर वह मेरे पास स्विट्जरलैंड आकर सैटल होने वाले थे। चूंकि उन पर 40 से ज्यादा केस थे तो हमने उनके लिए वकीलों से भी बात की। मेरे पास इस मामले से जुड़े सबूत अभी तक रखें हैं।'
उसने कई लड़कियों का जीवन किया बर्बाद- रोहिणी
रोहिणी के मुताबिक, यह सिर्फ उनकी कहानी नहीं है, बल्कि कई लड़कियों की सच्चाई है जिनके साथ चंद्रशेखर ऐसा कर चुके हैं। उन्होंने लिखा, "पहले, एक लड़की के लिए सब कुछ करो, उसे पूरी तरह से अपने प्यार में दीवाना बना लो, उसे विश्वास दिलाओ कि तुम ही उसका एकमात्र प्यार हो, फिर उसकी जवानी का वह कीमती वक्त 25 से 30 का समय जब उसे एक साथी की ज़रूरत है, वह आप छीन लो !!"
डिप्रेशन देने का लगाया आरोप
घावरी ने आगे लिखा, "जैसे ही वह लड़की आपसे शादी करने के लिए कहती है, तो उसे इस उम्र का सबसे बड़ा सदमा और डिप्रेशन देकर छोड़ दो। उस लड़की को समझ नहीं आता कि यह सब क्यों हुआ, उस लड़की का शादी और रिश्तों से विश्वास उठ जाता है, और फिर वह विधवा की तरह रंगहीन जीवन जीती है। वह खुद से पूछती रहती है कि इतना ईमानदारी से रिश्ता निभाने के बाद भी यह सब क्यों हुआ।"
सिर्फ लड़की ही होती है बदनाम- रोहिणी
उन्होंने लिखा, "यह समाज भी लड़की के चरित्र पर सवाल उठाता है और परिवार भी उसे दोषी ठहराता है। उस लड़की का दर्द बढ़ता रहता है, वह सब कुछ अकेले सहती रहती है। लेकिन, जब वह लड़की अपने साथ हुई धोखाधड़ी के बारे में बोलना शुरू करती है, तो इसे ब्लैकमेलिंग साजिश और गलत समझा जाता है। यह सिर्फ मेरी कहानी नहीं है, यह दुनिया की अनगिनत लड़कियों का दर्द है, जो उसी चीज से गुजरती हैं और पीड़ित रहती हैं।"
आत्महत्या करने वाली थी मैं- रोहिणी
बातचीत में, रोहणी ने बताया कि चंद्रशेखर से मिले इस सदमे के बाद वह आत्महत्या की कगार पर पहुंच गई थीं। स्विट्जरलैंड में उन्होंने इस सदमे के साथ अपनी जिंदगी गुजारी है, लेकिन अब उन्हें लगता है कि उनके साथ जो कुछ भी हुआ है वह दुनिया के सामने आना चाहिए। इसके अलावा रोहिणी ने वनइंडिया के साथ कई ऐसे फोटो, वीडियो और तमाम डिजिटल सामग्री साझा की है जिन्हें वह इस घटना के सबूत के तौर पर रखे हुए हैं।
क्या बोले चंद्रशेखर रावण?
हमने जब चंद्रशेखर से बात करने की कोशिश की तो उनके सहयोगी मनीष द्वारा इंतजार करने के लिए कहा गया। खबर लिखे जाने तक ना तो मनीष की तरफ से कॉल आया और ना ही चंद्रशेखर रावण की तरफ से। यदि इस मामले में चंद्रशेखर की तरफ से कोई बयान आता है तो वनइंडिया हिंदी उसे भी जरूर बताएगा।
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कॉमेंट में जरूर बताएं।












Click it and Unblock the Notifications