Odisha Day 2025: 'भारत ओडिशा के इतिहास, साहित्य और संगीत पर गर्व करता है', PM Modi
Odisha Day 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को ओडिशा के स्थापना दिवस, जिसे उत्कल दिवस के रूप में मनाया जाता है, के अवसर पर राज्य के लोगों को बधाई दी। उन्होंने ओडिशा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की सराहना करते हुए कहा कि भारत को ओडिशा के इतिहास, साहित्य और संगीत पर गर्व है।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "उत्कल दिवस पर हार्दिक शुभकामनाएँ! यह दिन ओडिशा की गौरवशाली संस्कृति के लिए एक उपयुक्त श्रद्धांजलि है। भारत ओडिशा के इतिहास, साहित्य और संगीत पर गर्व करता है।"

पीएम मोदी ने ओडिशा के मेहनती नागरिकों की प्रशंसा करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों ने ओडिशा की प्रगति के लिए बड़े पैमाने पर कार्य किया है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि ओडिशा के लोगों ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं।
Odisha Day 2025: 14 दिन तक चलेगा उत्कल दिबसा
ओडिशा में भाजपा 24 साल से सत्ता में काबिज पटनायक सरकार को हराकर सत्ता में आई। विधानसभा चुनाव के दौरान बीजेपी ने 'ओडिया अस्मिता' के नारे को खूब भुनाया था। ऐसे में प्रदेश सरकार ने ओडिशा के राज्य का दर्जा मिलने पर कई कार्यक्रमों की घोषणा की है।
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार राज्य में 1 अप्रैल से 14 अप्रैल तक 14 दिवसीय उत्सव "ओडिया पख्या" का आयोजन करेगी। बता दें कि 14 अप्रैल को 'महाविशुभा संक्रांति' के दिन ओडिया नववर्ष मनाया जाता है।
इन सांस्कृतिक समारोहों के दौरान, ओडिशा सरकार अपनी संस्कृति, विरासत, साहित्य, भाषा और पारंपरिक व्यंजनों को सक्रिय रूप से बढ़ावा देगी। ओडिया कला और संस्कृति में उनके योगदान के लिए वरिष्ठ लोक कलाकारों को सम्मानित किया जाएगा।
Odisha Day 2025: क्यों मनाया जाता है उत्कल दिवस?
उत्कल दिवस प्रतिवर्ष 1 अप्रैल को मनाया जाता है। यह दिन वर्ष 1936 में ओडिशा के बंगाल प्रांत से अलग होकर एक स्वतंत्र राज्य बनने की स्मृति में मनाया जाता है। ओडिशा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, साहित्य, कला और संगीत भारत की बहुआयामी संस्कृति में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
ओडिशा सरकार और स्थानीय संगठनों ने इस अवसर पर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया, जिसमें सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, परेड और सम्मान समारोह शामिल रहे। उत्कल दिवस के अवसर पर राज्यभर में उत्सव का माहौल देखने को मिला है।












Click it and Unblock the Notifications