ओडिशा: BJD ने विधायक प्रदीप पाणिग्रही को किया निष्कासित, जनविरोध गतिविधियों में शामिल होने का आरोप
भुवनेश्वर: बीजू जनता दल ने रविवार को अपने पार्टी के विधायक प्रदीप पाणिग्रही को पार्टी से निष्काषित कर दिया। उन पर जनविरोधी काम करने का आरोप लगा है। जांच के बाद निष्कासन का फैसला पार्टी अध्यक्ष नवीन पटनायक ने लिया है। विधायक पर कुछ भ्रष्ट अधिकारियों से संबंध रखने का भी आरोप है, जिनके साथ वो कई बार देखे गए हैं। इसको लेकर विपक्षी दलों ने बीजेडी पर जमकर हमला भी बोला था।

बीजेडी की ओर से महासचिव मानस रंजन मंगराज ने पाणिग्रही के निष्कासन का आदेश जारी किया है। इसमें उन पर जनविरोधी गतिविधियों में शामिल होने की बात कही गयी है, लेकिन ये नहीं बताया गया कि वो किस काम में लिप्त थे। प्रदीप पाणिग्रही गोपालपुर से तीन बार जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। वो पार्टी के पहले ऐसे नेता हैं जिनको जनविरोधी काम के लिए निष्कासित किया गया है। निष्कासन के बाद विधायक की ओर से इस मामले में कोई भी टिप्पणी नहीं की गई है।
वहीं मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विधायक प्रदीप की आईएफएस अभय पाठक और उनके बेटे आकाश पाठक से काफी ज्यादा नजदीकियां थी। हाल ही में विजलेंस ने भ्रष्टाचार के मामले में अभय पाठक के खिलाफ कार्रवाई की थी। जिस वजह से उन्हें सस्पेंड भी कर दिया गया। फिलहाल आय से अधिक संपत्ति के मामले में आईएफएस पिता-पुत्र जेल में हैं। बेटे आकाश पर आरोप है कि उसने नौकरी का लालच देकर गंजाम जिले में कई युवाओं को ठगा था। इस काम में विधायक पर भी साथ देने का आरोप है।












Click it and Unblock the Notifications