शर्मनाक! होमवर्क ना करके स्कूल जाने पर बच्चे को सजा में मिली मौत
बरेली। स्कूल में होमवर्क बनाकर नहीं ले जाने की अधिकतम सजा क्या हो सकती है? मुर्गा बनाया जा सकता है, क्लास से बाहर किया जा सकता है या फिर बहुत हो सकता है तो कान ऐंठ कर दोबारा ऐसा ना करने की हिदायत दी जा सकती है। चलिए छोडि़ए, सजा कुछ भी हो पर मौत तो नहीं हो सकती। उत्तर प्रदेश के बरेली के देवनरिया क्षेत्र में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने शिक्षा जगत को शर्मसार कर दिया है।

यहां एक स्कूली बच्चे को होमवर्क नहीं बनाने की ऐसी सजा दी गई कि उसकी जान ही निकल गई। जानकारी के मुताबिक, घटना देवरनिया थाना के पिपरा ननकरा गांव की है। यहां एक स्कूली शिक्षक ने मासूम बच्चे की होमवर्क नहीं बनाने के कारण इस कदर पिटाई की कि उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपित टीचर का नाम सार्वजनिक नहीं किया है, लेकिन रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
स्कूल का नाम डीएसआर ग्रुप ऑफ स्कूल है। यहां पीलीभीत का आराज (6) पढता था। टीचर ने पिछले दिनों होमवर्क दिया था, लेकिन वह होमवर्क पूरा कर स्कूल नहीं गया था। इस पर टीचर ने छात्र की पिटाई कर दी। परिवारीजनों का आरोप है कि टीचर ने थप्पडों से पीटने के बाद बच्चे का सिर दीवार से टकरा दिया, जिसके चलते उसकी मौत हुई है। दूसरी ओर, बच्चे की मौत की खबर पाकर पुलिस में शिकायत से पहले ही आरोपी फरार हो गया है, जबकि गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने स्कूल में जमकर तोड़फोड़ की है।












Click it and Unblock the Notifications