नरेंद्र मोदी को पीएम बनाने के लिये NRI करेंगे वोट
नई दिल्ली। अब सिर्फ भारत में रह रहे लोग नहीं बल्कि विदेशों में रह रहे अप्रवासी भारतीयों ने भी नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने का बीड़ा उठा लिया है। जी हां इस बार एनआरआई भी मोदी के समर्थन में जमकर वोट करेंगे। यही कारण है कि मोदी अब ज्यादा से ज्यादा समय अप्रवासी भारतीयों के लिये निकालेंगे और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उनसे मुखातिब होंगे।
भारतीय जनता पार्टी के पीएम प्रत्याशी नरेंद्र मोदी ने शनिवार की सुबह वीडियो कॉफ्रेंसिंग के माध्यम से अमेरिका, कनाडा और यूरोप में रह रहे भारतीयों को संबोधित किया और इस बात पर जोर दिया कि जीत किसी की हो, हमारा मकसद अब भारत को आगे बढ़ाने का होना चाहिये। उन्होंने कहा कि चुनाव को सत्ता के सुख को प्राप्त करने के लक्ष्य के रूप में नहीं देखना चाहिये, बल्कि हिन्दुस्तान को प्रगति के रास्ते पर ले जाने के लक्ष्य के साथ देखना चाहिये।

मोदी को पीएम बनाने के लिये फ्रेंड्स ऑफ बीजेपी नाम की संस्था की तमाम ईकाईयां अलग-अलग देशों में कार्यरत हैं। इन ईकाईयों के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता दुनिया भर में उन भारतीयों को मतदान के लिये प्रेरित कर रहे हैं, जो विदेश में रहते हैं।
कैसे वोट दे सकते हैं एनआरआई?
भारतीय चुनाव आयोग ने अप्रवासी भारतीयों के लिये विशेष व्यवस्था की है, जिसके अंतर्गत एनआरआई भी वोट कर सकते हैं। वोट करने से पहले अप्रवासी भारतीयों को अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराना होता है, जिसके लिये फॉर्म 6ए होता है। यदि कोई त्रुटि हो जाये या परिवर्तन कराना हो तो उसके लिये फॉर्म संख्या 8 भरकर जमा कर सकते हैं। वोटरलिस्ट में नाम दर्ज कराने के लिये फॉर्म के साथ एक फोटो, पासपोर्ट व वीजा की प्रतिलिपियां लगानी होती हैं।
चुनाव के दौरान विदेशों में रह रहे भारतीयों को वोट देने के लिये भारत नहीं आना पड़ेगा, बल्कि वे जहां हैं वहीं से वोट दे सकते हैं। इसके लिये इलेक्शन कमीशन की वेबसाइट पर सारी जानकारियां उपलब्ध हैं।












Click it and Unblock the Notifications