डीयू विवाद: जालंधर पहुंची गुरमेहर कौर ने कहा, अब मुझे पढ़ाई पर फोकस करने दीजिए...
एबीवीपी के खिलाफ ऑनलाइन कैंपेन चलाने के बाद हंगामा बढ़ने पर गुरमेहर कौर ने अपना कैंपेन वापस ले लिया है। इसी के साथ ही वो दिल्ली छोड़ कर अपने घर जालंधर पहुंच गई हैं।
जालंधर। सोशल मीडिया पर एबीवीपी के खिलाफ ऑनलाइन कैंपेन शुरु करके, फिर इसे वापस लेनी वाली दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्रा गुरमेहर कौर ने कहा है कि अब उन्हें अकेला छोड़ दिया जाए। उनका कहना है कि अब वो पढ़ाई पर फोकस करना चाहती हैं। ऐसे में मीडिया पर्सन्स और दूसरे लोगों से उन्होंने अपील की है कि कृपया उन्हें अकेला छोड़ दिया जाए। गुरमेहर कौर ने जालंधर स्थित अपने घर पहुंच कर ये बयान दिया है।
गुरमेहर कौर ने कहा, कृपया उन्हें अकेला छोड़ दिया जाए
एबीवीपी के खिलाफ ऑनलाइन कैंपेन चलाने के बाद हंगामा बढ़ने पर गुरमेहर कौर ने अपना कैंपेन वापस ले लिया है। इसी के साथ ही वो दिल्ली छोड़ कर अपने घर जालंधर पहुंच गई हैं। बावजूद इसके मीडिया पर्सन्स की भीड़ उनके घर के बाहर जमा है। जालंधर पुलिस कमिश्नर ऑफिस ने गुरमेहर कौर को सुरक्षा प्रदान की है। उनकी सुरक्षा में दो महिला कॉन्स्टेबल की तैनाती की गई है। बता दें कि दिल्ली में रहने के दौरान गुरमेहर कौर को बलात्कार करने और जान से मारने की धमकियां मिली थी। जिसमें दिल्ली पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ यौन उत्पीड़न के मामले में केस दर्ज किया है।

गुरमेहर के दादा बोले, वो जल्द ही कॉलेज लौटेंगी
जालंधर में बेहद छोटी बातचीत में गुरमेहर कौर ने अपील की है कि अब इस मुद्दे को यहीं छोड़ दिया जाए। उन्होंने आगे कहा कि अब उनका पूरा फोकस अपनी पढ़ाई पर है। वहीं गुरमेहर कौर के दादा कंवलजीत सिंह ने कहा कि गुरमेहर जल्द ही कॉलेज लौटेगी, उन्होंने आगे कहा कि वह एक बहादुर लड़की है। उन्होंने ये भी कहा कि गुरमेहर ने एक मुद्दे पर अपना पक्ष रखा था। इस पर किसी भी दल को राजनीति नहीं करनी चाहिए।

पुलिस ने गुरमेहर को दी खास सुरक्षा
गुरमेहर कौर के दादा कंवलजीत सिंह ने इसी के साथ एक ज्ञापन जालंधर के डिप्टी कमिश्नर केके यादव को दिया है, जिसमें उन्होंने गुरमेहर को दिल्ली में भी पूरी सुरक्षा देने की अपील की है। उन्होंने साथ ही ये भी मांग उठाई है कि जिन लोगों गुरमेहर को धमकियां दी हैं, उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए।

हरियाणा सरकार के मंत्री ने गुरमेहर पर दिया विवादित बयान
दूसरी ओर हरियाणा सरकार के मंत्री अनिल विज ने भी गुरमेहर मामले पर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जो लोग गुरमेहर कौर का समर्थन कर रहे हैं वो पाकिस्तान की हरकतों का समर्थन कर रहे हैं। उन्हें देश में रहने का अधिकार नहीं है। बता दें कि छात्र संघटन एबीवीपी और भारतीय जनता पार्टी पर जबरन राष्ट्रवाद थोपने का आरोप लगाया जा रहा है। दिल्ली यूनिवर्सिटी के रामजस कॉलेज में हुई घटना के बाद से हंगामा बढ़ा हुआ है। वामपंथी छात्र संगठन आइसा ने एबीवीपी पर मारपीट का आरोप लगाया था।

एबीवीपी के खिलाफ गुरमेहर ने शुरु किया था ऑनलाइन कैंपेन, विवाद के बाद लिया वापस
डीयू की छात्रा गुरमेहर कौर ने भी एबीवीपी पर सवाल उठाए थे जिसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर धमकी मिलने लगी। गुरमेहर ने एक तस्वीर शेयर की थी जिसमें लिखा था कि उसके पिता को पाकिस्तान ने नहीं, युद्ध ने मारा है। इसी के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने उन्हें घेर लिया। जिसके बाद गुरमेहर ने खुद को इस पूरे घटनाक्रम से अलग करने का ऐलान किया और दिल्ली से जालंधर अपने घर पहुंच गई।












Click it and Unblock the Notifications