उत्तर रेलवे की 207 ट्रेनें 3 दिन तक रहेंगी रद्द, 36 के रूट में होगा बदलाव, G-20 Summit के चलते लिया निर्णय
उत्तर रेलवे ने दिल्ली तक आने जाने वाली 207 ट्रेनों का संचालन तीन दिन तक रद्द कर दिया है। इसके अलावा 36 ट्रेन के रूट में बदलाव या फिर दूरी घटाई गई है।
दिल्ली में होने वाले G20 शिखर सम्मेलन की तैयारियां लगभग अंतिम दौर में है। सुरक्षा के कड़े प्रबंध के साथ दिल्ली सरकार ने तीन दिन के सार्वजनिक अवकाश की घोषणा पहले ही कर दी थी। वहीं अब रेलवे ने सुरक्षा के मद्देनजर 207 ट्रेनें का संचालन तीन दिन के लिए रद्द कर दिया है। शनिवार को जारी उत्तर रेलवे के एक बयान के मुताबिक ये आदेश तीन दिन 9, 10 और 11 सितंबर तक प्रभावी रहेगा।
उत्तर रेलवे ने कहा, "नई दिल्ली में G20 शिखर सम्मेलन के मद्देनजर 9, 10 और 11 सितंबर को कुल 207 ट्रेन सेवाएं रद्द कर दी जाएंगी। 36 ट्रेन सेवाएं शॉर्ट टर्मिनेट/शॉर्ट ओरिजिनेट की जाएंगी।

बता दें कि जी-20 शिखर सम्मेलन 9 और 10 सितंबर को प्रगति मैदान के भारत मंडपम में होगा। सभी देशों के प्रतिनिधि राजघाट, राष्ट्रीय आधुनिक कला गैलरी (NGMA) और भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (IARI) पूसा का भी दौरा करेंगे। 7 सितंबर से 11 सितंबर तक नई दिल्ली और उसके आसपास के इलाके में कुछ ट्रैफिक नियम लागू हो सकते हैं। केवल NDMC में और NH-48 पर ट्रैफिक प्रतिबंध रहेगा।
हालांकि नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (NDMC) के अधिकार क्षेत्र के बाहर एनएच-48 को छोड़कर सामान्य ट्रैफिक पर कोई असर नहीं होगा। नई दिल्ली सहित पूरी दिल्ली में सभी मेडिकल दुकानें, किराना दुकानें, दूध बूथ और सब्जी और फल की दुकानें खुली रहेंगी। नियंत्रित इलाके में सरकारी कर्मचारियों, मीडिया कर्मियों, डॉक्टरों और पैरा मेडिकल स्टाफ को अपने निजी वाहनों के साथ-साथ सरकारी वाहनों का उपयोग करने की छूट होगी।












Click it and Unblock the Notifications