क्या AAP का मेंबर है शाहीन बाग में फायरिंग करने वाला कपिल गुर्जर, पिता ने बताया असली सच
शाहीन बाग में फायरिंग के आरोपी कपिल गुर्जर के पिता ने सामने आकर बड़ा बयान दिया है।
Recommended Video

नई दिल्ली। दिल्ली के शाहीन बाग इलाके में हुई फायरिंग के मामले पर अब राजनीति शुरू हो गई है। दरअसल दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को कहा कि शाहीन बाग में फायरिंग करने वाला शख्स कपिल गुर्जर आम आदमी पार्टी से जुड़ा हुआ है। पुलिस ने बताया कि उसे कपिल के मोबाइल से ऐसी तस्वीरें मिली हैं, जिनमें वो आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ है। हालांकि आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने पुलिस के दावे का खंडन किया और आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस गृह मंत्री अमित शाह के इशारे पर ऐसे बयान दे रही है। अब इस मामले में फायरिंग के आरोपी कपिल गुर्जर के परिवार का बयान सामने आया है।

'मेरे परिवार के किसी सदस्य का AAP से लेनादेना नहीं'
मामले को लेकर कपिल गुर्जर के पिता गजे सिंह ने बुधवार को मीडिया से बात की। गजे सिंह से जब पूछा गया कि कपिल के फोन में आम आदमी पार्टी के नेताओं के साथ उसकी तस्वीरें मिली हैं तो इसपर उन्होंने जवाब देते हुए कहा, 'ना मेरा और ना ही मेरे परिवार के किसी सदस्य का आम आदमी पार्टी से कोई लेना-देना है। साल 2012 तक मैं बहुजन समाज पार्टी से जुड़ा हुआ था, लेकिन 2012 में मैंने राजनीति छोड़ दी। अगर कोई इंसान आपके पास आएगा तो आप भी उसका सम्मान करेंगे। आम आदमी पार्टी के नेता हमारे पास आए और हम लोगों ने उनका सम्मान किया, लेकिन हममें से कोई भी आम आदमी पार्टी में शामिल नहीं हुआ।'

BSP के टिकट पर दो बार चुनाव लड़ चुके हैं कपिल के पिता
वहीं, कपिल गुर्जर के चाचा फतेह सिंह ने इस मामले में जानकारी देते हुए बताया, 'मुझे नहीं पता कि ये तस्वीरें कहां से सामने आ रही हैं। मेरे भतीजे कपिल का किसी भी राजनीतिक दल से कभी कोई संबंध नहीं रहा और ना ही मेरे परिवार का कोई अन्य सदस्य किसी पार्टी से जुड़ा हुआ है। मेरे भाई गजे सिंह साल 2008 में बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर विधानसभा का चुनाव लड़े थे, जिसमें उन्हें हार मिली थी। उसके बाद से हमारे परिवार के किसी भी सदस्य का किसी राजनीतिक दल से कोई संबंध नहीं रहा। कपिल का कोई ऐसा दोस्त भी नहीं है, जो किसी आम आदमी पार्टी या किसी और पार्टी से जुड़ा हुआ हो।'

कपिल के भाई ने किया पुलिस के दावों का खंडन
कपिल गुर्जर के भाई ने भी मीडिया में आम आदमी पार्टी से जुड़े होने की खबरों और दिल्ली पुलिस के दावे का खंडन किया।आपको बता दें कि कपिल गुर्जर के पिता गजे सिंह साल 2012 में बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) का चुनाव भी लड़ चुके हैं। दिल्ली पुलिस का कहना है कि पूछताछ में कपिल गुर्जर ने इस बात को स्वीकार किया है कि वो आम आदमी पार्टी का सदस्य है। पुलिस के मुताबिक कपिल गुर्जर ने पूछताछ में यह भी बताया कि उसके पिता भी आम आदमी पार्टी के सदस्य हैं और दोनों साल 2019 में आप में शामिल हुए थे। हालांकि आम आदमी पार्टी ने पुलिस के इस दावे का खंडन किया है।

चुनाव आयोग से करेंगे डीसीपी की शिकायत: AAP
क्राइम ब्रांच के डीसीपी राजेश देव ने मंगलवार को इस मामले पर मीडिया से बात करते हुए बताया, 'पूछताछ के दौरान हमें कपिल के मोबाइल फोन से कुछ तस्वीरें मिलीं, जिनमें वो आम आदमी पार्टी के नेताओं के साथ है। कपिल ने पुलिस पूछताछ में स्वीकार किया है कि वो और उसके पिता जनवरी-फरवरी 2019 में आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे।' आरोपों पर आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने कहा कि अभी तक मामले की जांच नहीं हुई, तस्वीरों की जांच नहीं हुई और दिल्ली पुलिस का एक अफसर मामले में एक पार्टी का नाम ले रहा है, वो भी तब जब दिल्ली में आदर्श आचार संहिता लागू हैं। संजय सिंह ने कहा कि वो इस मामले की शिकायत चुनाव आयोग से करेंगे।

आम आदमी पार्टी आज बेनकाब हो गई: BJP
मामले को लेकर केंद्रीय मंत्री और दिल्ली भाजपा प्रभारी प्रकाश जावड़ेकर ने आम आदमी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा, 'मामला एकदम साफ है और आम आदमी पार्टी आज बेनकाब हो गई है। पिछले साल ही आरोपी ने आम आदमी पार्टी ज्वॉइन की थी। उसने शाहीन बाग में गोली इसलिए चलाई, क्योंकि ये आम आदमी पार्टी की साजिश थी, जिससे वहां माहौल बिगड़े।' गौरतलब है कि दिल्ली के शाहीन बाग में पिछले करीब 2 महीने से प्रदर्शनकारी नागरिकता संशोधन कानून का विरोध कर रहे हैं। बीते 1 फरवरी को कपिल गुर्जर शाहीन बाग इलाके में पहुंचा और हवा में दो गोलियां चलाई। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर हड़कंप मच गया और पुलिस ने कपिल गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications