डोवाल और जाधव के कनेक्शन की खबरों को भारत ने बताया बकवास
भारत ने पाकिस्तान की मीडिया में आ रही उन रिपोर्ट्स को बताया बकवास जिसमें कुलभूषण जाधव को रॉ और अजित डोवाल से जुड़ा हुआ बताया गया है। पाक मीडिया ने कहा था कि जाधव को डोवाल ने बलूचिस्तान भेजा था।
नई दिल्ली। भारत ने पाकिस्तान की मीडिया में आ रही उन रिपोर्ट्स को एकदम बकवास करार दिया है जिसमें यह कहा जा रहा है कि भारत की एजेंसी रिसर्च एंड एनालिसिसि विंग यानी रॉ ने कुलभूषण जाधव को हायर किया था। भारत की ओर से साफ कर दिया गया है कि रॉ ने कभी जाधव को नौकरी पर नहीं रखा था। साथ ही उन बातों को भी खारिज किया गया है जिसमें कहा गया कि जाधव को भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) ने बलूचिस्तान भेजा था।

पाक मीडिया ने किया दावा
पाकिस्तान की मीडिया ने लिखा कि डोवाल ने बलूचिस्तान में जाधव को न सिर्फ प्लांट किया बल्कि वह उनसे जुड़ा हुआ व्यक्ति है। भारतीय अधिकारियों ने पाक मीडिया की इन खबरों को सिर्फ कल्पना पर आधारित पत्रकारिता करार दिया है। भारत कई बार इस बात को कह चुका है कि जाधव एक पूर्व नेवी ऑफिसर है जो बाद में एक बिजनेसमैन बन गया। उसके कुबूलनामे का जो वीडियो पाकिस्तान ने पेश किया उसे पूरी तरह से डॉक्टर्ड बताया गया। भारत में विशेषज्ञों ने कहा है कि इस वीडियो में शब्दों को डाला गया जिसमें अजित डोवाल का नाम भी शामिल है।
जाधव ने किया था रॉ से संपर्क
जाधव ने हालांकि पूर्व में रॉ की पाकिस्तान-अफगानिस्तान डेस्क से संपर्क किया था और वह उन्हें अपनी सेवाएं देना चाहता था। लेकिन उसे भरोसेमंद नहीं माना गया। वर्ष 2010 और 2012 में उसने रॉ से संपर्क किया था औा इस बाबत उसकी एक मीटिंग भी हुई थी। नई दिल्ली में हुई इस मीटिंग में उसकी सेवाओं को खारिज कर दिया गया था। दो वर्षों बाद जब उसका ट्रांसपोर्ट बिजनेस मुश्किलों में आ गया तो फिर उसने रॉ से संपर्क किया। उस समय भी रॉ ने उसे इंकार कर दिया था।












Click it and Unblock the Notifications