370 निरस्त होने के बाद से एक भी कश्मीरी पंडित विस्थापित नहीं- राज्यसभा में केंद्र
नई दिल्ली, 8 दिसम्बर। जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 निरस्त होने के बाद से घाटी में एक भी कश्मीरी पंडित या हिंदू विस्थापित नहीं हुआ है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्यसभा में पूछे गए एक सवाल के जवाब में ये जानकारी दी है।

साथ ही गृह मंत्रालय ने राज्यसभा को बताया कि अनुच्छेद 370 निरस्त होने के बाद से कश्मीर में 366 आतंकवादी मारे गए। वहीं इसी अवधि में 96 नागरिक और 81 सुरक्षाकर्मी भी मारे गए हैं।
दिग्विजय सिंह ने पूछा था सवाल
राज्यसभा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने गृह मंत्रालय से घाटी में विस्थापित कश्मीरी हिंदुओं और कश्मीरी पंडितों की संख्या के साथ ही मारे गए आतंकवादियों और नागरिकों की संख्या और अनुच्छेद 370 के निरस्त होने के बाद कश्मीर में शहीद हुए बलों और अर्धसैनिक बलों के सैनिकों की संख्या के बारे में पूछा था।
सवाल के जवाब में गृह मंत्रालय ने कहा "अनुच्छेद 370 के निरस्त होने के बाद घाटी से किसी भी कश्मीरी पंडित या हिंदू को विस्थापित नहीं किया गया है। हालांकि, हाल ही में कश्मीर में रहने वाले कुछ कश्मीरी पंडित परिवार, ज्यादातर महिलाएं और बच्चे, जम्मू क्षेत्र में चले गए हैं। ये परिवार सरकारी कर्मचारियों के हैं, जिनमें से कई अधिकारियों की आवाजाही और शैक्षणिक संस्थानों में शीतकालीन अवकाश के तहत सर्दियों में जम्मू चले जाते हैं।"
पिछले सप्ताह ही केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कहा था कि जम्मू-कश्मीर में घुसपैठ और आतंकवादी हमलों की घटनाओं में 2018 के बाद से काफी कमी आई है और देश भर में वामपंथी उग्रवाद में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है।
2018 में घुसपैठ की कुल 143 घटनाएं दर्ज की गई थीं। वहीं नवंबर 2021 तक केवल 28 घुसपैठ की घटनाएं दर्ज की गईं। 2018 में जम्मू-कश्मीर ने 417 आतंकवादी घटनाओं की सूचना दी थी और इस साल नवंबर तक यह संख्या 244 है।
चीन और भूटान सीमा पर घुसपैठ नहीं
गृह राज्य मंत्री निसिथ प्रमाणिक ने मंगलवार को लोकसभा में सीमाओं पर घुसपैठ को लेकर पूछे गए एक सवाल का जवाब देते हुए कहा था कि पिछले तीन वर्षों में चीन और भूटान सीमा पर घुसपैठ की कोई घटना नहीं हुई है।
सांसद चिराग पासवान ने पिछले तीन वर्षों के दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों में घुसपैठ के कई मामले प्रकाश में आने और इस संबंध में सरकार द्वारा की गई कार्रवाई पर सवाल पूछा था।












Click it and Unblock the Notifications