अविश्वास प्रस्ताव से ठीक पहले BJD सांसद ने दिया इस्तीफा, स्पीकर ने किया स्वीकार
नई दिल्ली। लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन ने बीजू जनता दल से निष्कासित सांसद बैजयंत पंडा का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। उनके साथ-साथ केरल कांग्रेस के जोश के मानी ने भी राज्यसभा के लिए नोमिनेट किए जाने के बाद लोकसभा की सदस्यता से रिजाइन कर दिया है, उनका इस्तीफा भी स्वीकार हो गया है। इन दो इस्तीफों के स्वीकार होने के बाद लोकसभा में सदस्यों की संख्या 533 रह गई है। अब लोकसभा में बहुमत के लिए 266 का अंकड़ा पाने की जरूरत है।

बैजयंत पंडा ओडिशा की केंद्रपारा सीट से बीजू जनता दल के सांसद थे, उन्हें पार्टी गतिविधियों में शामिल होने की बात कहते हुए पार्टी से निकाल दिया गया था। जिसके बाद 12 जून को उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। बुधवार को सुमित्रा महाजन से मिलकर उन्होंने इस्तीफा स्वीकार किए जाने की दरख्वास्त की थी। जिसके बाद उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया।
शुक्रवार को सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा होनी है। इसके लिए बीजू जनता दल ने अपने सांसदों को व्हिप जारी कर शुक्रवार को संसद में मौजूद रहने को कहा है। भाजपा, अन्नाद्रुमक, शिवसेना, तृणमूल कांग्रेस समेत ज्यादातर पार्टियोंने ने अपने सांसदों को व्हिप जारी कर दिया है और सदन में हाजिर रहने को कहा है।

बुधवार से शुरू हुए संसद के मॉनसून सत्र के पहले ही दिन विपक्ष ने सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया, जिसे लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन ने मंजूर कर लिया। शुक्रवार को लोकसभा में इस पर बहस होगी। 2003 में अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार के खिलाफ आए अविश्वास प्रस्ताव के 15 साल बाद यह पहला मौका है जब केंद्र सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को मंजूर किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications