Parliament: अधीर रंजन ने पीएम मोदी पर ऐसा क्या कहा, भड़क गए अमित शाह, कहा- 'ये सब नहीं सुनेंगे''
No confidence motion: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मणिपुर हिंसा को लेकर विपक्ष द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा का आज जवाब देंगे। वे लोकसभा में पहुंच गए है। उनके लोकसभा में पहुंचने पर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि 'ये अविश्वास प्रस्ताव की ताकत है कि हम पीएम मोदी को सदन तक खींच लाए।'

इसके बाद अधीर रंजन ने मणिपुर की घटना का जिक्र कर कहा कि 'हस्तिनापुर हो या मणिपुर, जहां राजा अंधा होता है वहां द्रौपदी का वस्त्र हरण होता है।' जिस पर अमित शाह ने आपत्ति जताते हुए कहा था कि 'आप पीएम के बारे में इस तरह से सदन में नहीं बोल सकते हैं।'
अधीर रंजन पर भड़क गए अमित शाह
शाह ने आगे कहा कि 'स्पीकर जी, आपने कल ही कहा था कि संयमित भाषा इस्तेमाल करें, लेकिन देश के पीएम मोदी के लिए ऐसे शब्दों का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए, हम शांति से इनकी बात सुन रहे हैं, लेकिन ये सब नहीं सुनेंगे या तो आप आप कंट्रोल कीजिए', जिसके बाद सदन में जबरदस्त हंगामा होने लगा।
अमित शाह को इतना गुस्सा क्यों आता है?
अमित शाह के इस विरोध के बाद भी अधीर रंजन ने नहीं रूके। उन्होंने गृहमंत्री से सीधे कहा कि 'अमित शाह आप थोड़ा बैठ जाइए, प्रधानमंत्री जी को गुस्सा नहीं आता पता नहीं आपको क्यों आता है इतना?' जिसके बाद लोकसभा अध्यक्ष ने अधीर रंजन चौधरी को टोका और कहा कि ''आप मुद्दों पर बोलिए।'
'नीरव मोदी में नरेंद्र मोदी दिखते हैं'
जिस पर अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि 'मुद्दे पर तो बोलते हैं सर, बहुत दिन पहले सुना कि इस देश से हजारों का रुपया लूटकर नीरव मोदी भागे थे, कोई भी उनको पकड़ नहीं सका, वो कैरेबियाई समुद्र के बीच में मस्ती करते देखे जाते हैं, हमने सोचा कि वो विदेश चले गए लेकिन मणिपुर की घटना देखने के बाद ये पता चला नीरव मोदी तो यहां है, दरअसल नीरव मोदी ऐसा लगता है कि नरेंद्र मोदी में दिख रहे हैं।'
पीएम मोदी मणिपुर पर क्यों चुप हैं?
अपनी बात बढ़ाते हुए अधीर रंजन ने कहा कि 'वैसे तो पीएम मोदी हर मुद्दे पर बहुत बोलते हैं लेकिन मणिपुर पर क्यों चुप हैं? मणिपुर के दो सांसद हैं, उन्हें भी बोलने नहीं दिया गया क्यों? उन्होंने कहा कि 'अमित शाह ने बोला कि बफर जोन में सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है, तो इसका क्या मतलब निकाला जाए। ये तो बड़ा घातक है।'
मोदी जी सौ बार पीएम बने: अधीर रंजन
'मोदी जी सौ बार पीएम बने, हमें कोई लेना-देना नहीं है। उन्हें मणिपुर की घटना पर वहां के लोगों से मन की बात करनी चाहिए थी, ये मांग कोई गलत मांग नहीं है लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया, इसलिए हम उनकी चुप्पी का कारण पूछ रहे हैं और उन्हें इसका जवाब देना ही होगा। '












Click it and Unblock the Notifications