Nivar Cyclone: तमिलनाडु में निवार तूफान से तीन की मौत, 100 से ज्यादा घर तबाह
नई दिल्ली। चक्रवाती तूफान निवार बुधवार रात को तमिलनाडु और पुडुचेरी के तटों से टकराता हुआ निकल गया है। इसके बावजूद पुडुचेरी और तमिलनाडु में कई हिस्सों में लगातार बारिश जारी है। तूफान ने तमिलनाडु और पुडुचेरी में काफी नुकसान पहुंचाया है। तमिलनाडु के एडिशनल चीफ सेक्रेट्री अतुल्य मिश्रा ने जानकारी दी है कि निवार तूफान की वजह से तीन लोगों की मौत हो गई और तीन लोग घायल है। इस तूफान में 101 घरों तबाह हो गए हैं। बड़ी संख्या में पेड़ भी गिरे हैं। मिश्रा ने बताया है कि 380 उखड़े पेड़ों को रास्तों से हटा दिया गया है और सभी आवश्यक सेवाएं पूरी तरह से बहाल कर दी गई हैं।
Recommended Video

पुडुचेरी का सीएम वी. नारायणसामी ने तूफान प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया है। नारायणसामी ने कहा कि 24 घंटे जिस तरह की भारी बारिश हुई है, वैसी बारिश पहले नहीं देखी गई। बारिश के चलते जलभराव और कई समस्याएं हो रही हैं, जिनको दूर किया जा रहा है। नारायणसामी ने बताया है कि पुडुचेरी में 23 सेंटीमीटर बारिश हुई। राहत की बात ये है कि तूफान की वजह से कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है, यानी पुडुचेरी में किसी मौत की खबर नहीं है।
चेन्नई के मौसम विज्ञान केन्द्र के उप महानिदेशक बालचंद्रन ने बताया कि तमिलनाडु में अभी बारिश जारी रहने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि तूफान अब मैदानी इलाके में है। वहां बारिश और तेज हवाएं चलनी जारी रहेंगी। सुरक्षा उपायों के तहत तमिलनाडु में करीब ढाई लाख लोगों को राहत शिविरों में रखा गया है।
चक्रवाती तूफान निवार का बुधवार (25 नवंबर) की रात 11 बजे से 2.30 बजे तक लैंडफॉल हुआ। उसके बाद धीरे-धीरे रफ्तार कम हो गई है लेकिन फिलहाल खतरा टला नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल राहत की बात ये है कि बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान निवार अब कमजोर होकर गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया है। 25 नवंबर की रात ढाई बजे हवा की गति 100-110 km प्रतिघंटे से 120 km प्रतिघंटे तक रही। अब यह चक्रवाती तूफान उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है और अगले 6 घंटों में कमजोर पड़ जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications